राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उदयपुर के तत्वावधान में तालुका विधिक सेवा समिति, खेरवाड़ा द्वारा संचालित "परिवर्तनकारी मंगलवार" अभियान के तहत विद्यार्थियों को नशामुक्ति और विधिक जागरूकता का संदेश दिया गया।

अभियान के अंतर्गत "नशे को ना कहो, अपने सपनों को हाँ कहो, नशा कोई स्टाइल नहीं, अपने मन, शरीर और भविष्य की रक्षा करो" विषय पर खेरवाड़ा न्यायिक क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किए गए।

अपर जिला एवं सेशन न्यायाधीश एवं तालुका विधिक सेवा समिति, खेरवाड़ा के अध्यक्ष जगदीश कुंतल ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कण्डाल में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

इसी क्रम में वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश एवं अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रवीण चौधरी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पलसिया तथा न्यायाधिकारी ऋषभ राठौड़ ने स्वामी विवेकानंद मॉडल स्कूल, खेरवाड़ा में आयोजित शिविरों को संबोधित किया।

शिविरों में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभाव, बाल विवाह की रोकथाम, साइबर अपराधों से बचाव तथा शिक्षा के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करते हुए पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को "कोर्ट वाली दीदी शिकायत पेटी" की जानकारी भी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस माध्यम से वे अपनी शिकायतें सीधे न्यायालय तक पहुंचा सकते हैं।

इस अवसर पर तालुका विधिक सेवा समिति, खेरवाड़ा के सचिव महेश कुमार मीणा, नवरत्न बैरवा, संबंधित विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। जागरूकता शिविरों के माध्यम से विद्यार्थियों को नशामुक्त जीवन और कानूनी अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story