खेरवाड़ा में विश्व मजदूर दिवस पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
एडीजे कुलदीप शर्मा ने श्रमिकों को लेबर हेल्पलाइन और नि:शुल्क विधिक सहायता योजनाओं की जानकारी दी, अरावली मजदूर संघ ने निकाली रैली।

उदयपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के तत्वावधान एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश गुप्ता के कुशल निर्देशन में विश्व मजदूर दिवस के गरिमामय अवसर पर खेरवाड़ा में एक वृहद जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव एवं एडीजे कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुए इस कार्यक्रम ने श्रमिक वर्ग को उनके संवैधानिक और कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आयोजन की शुरुआत अरावली मजदूर संघ, आजीविका ब्यूरो एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, उदयपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित एक भव्य रैली से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में मजदूरों ने भाग लेकर अपने अधिकारों की आवाज बुलंद की। मंच पर प्राधिकरण सचिव श्री शर्मा के साथ आजीविका ब्यूरो के संतोष पुनिया भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। अपने संबोधन में एडीजे कुलदीप शर्मा ने मजदूर वर्ग के कल्याणार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं और कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने श्रमिक पंजीयन की अनिवार्यता समझाते हुए लेबर हेल्पलाइन 1800 1800 999 और नि:शुल्क विधिक सहायता के महत्व को रेखांकित किया।
सत्र के दौरान एल.ए.डी.सी योजना, जबरन श्रम निषेध कानून, नाल्सा हेल्पलाइन 15100, और साइबर सुरक्षा हेतु हेल्पलाइन 1930 जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की जानकारी साझा की गई। इसके अतिरिक्त, सामाजिक सुरक्षा के दृष्टिकोण से चाईल्ड हेल्पलाइन 1098, इमरजेंसी हेल्प 112, नाल्सा पोर्टल, राजकोप सिटीजन एप तथा बाल विवाह रोको अभियान के प्रति भी समुदाय को सचेत किया गया। यह आयोजन न केवल मजदूरों को उनके हकों के प्रति सशक्त करने वाला रहा, बल्कि न्याय प्रणाली और आम जन के बीच की दूरी को पाटने की दिशा में भी एक प्रभावी कदम सिद्ध हुआ।

