खेरवाड़ा के किला माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। नौ दिवसीय नवरात्रि के अंतिम दिन मंदिर में दिनभर धार्मिक आयोजन हुए। मां के दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचे और सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महाआरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

किला माता मंदिर के महंत भारत भूषण जोशी ने बताया कि मां सिद्धिदात्री दुर्गा का नौवां स्वरूप हैं और सभी प्रकार की सिद्धियां एवं मोक्ष प्रदान करने वाली देवी मानी जाती हैं। उनकी कृपा से भक्तों को अणिमा, महिमा, गरिमा, लघिमा, प्राप्ति, प्राकाम्य, ईशित्व और वशित्व सहित आठ सिद्धियां प्राप्त होती हैं। महानवमी पर मां सिद्धिदात्री की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता के अनुसार, इस दिन पूजा-अर्चना करने से विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है और जीवन की बाधाएं दूर होती हैं। इस अवसर पर कन्या पूजन और हवन का भी विशेष महत्व माना जाता है।

इससे पूर्व रविवार रात्रि को किला माता मंदिर परिसर में गरबा रास का आयोजन किया गया। इसमें युवा महिलाओं और अन्य श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गरबा की थाप पर मां दुर्गा की आराधना के साथ मंदिर परिसर में भक्ति और उल्लास का माहौल बना रहा।

गरबा रास के बाद मां दुर्गा की महाआरती की गई। इसमें सैकड़ों श्रद्धालु शामिल हुए और धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर मां के जयकारों से गूंजता रहा। मां सिद्धिदात्री की पूजा-अर्चना, गरबा रास और महाआरती के साथ किला माता मंदिर में शारदीय नवरात्रि महोत्सव भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story