ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत खानमीन में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए राहत और विश्वास का केंद्र बनकर उभरा। प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं, जिनका हाथोंहाथ समाधान किया गया।

ग्राम पंचायत खानमीन में उपखंड अधिकारी जय सिंह के निर्देशन में आयोजित शिविर में पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिकों ने भाग लिया और विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं एवं मांगों को सुनकर उनका मौके पर निस्तारण किया। जिन मामलों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उनके शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए।

सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक चले इस शिविर में ग्रामीणों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीणों ने राजस्व, पंचायत, चिकित्सा, कृषि, पशुपालन एवं अन्य विभागों से संबंधित समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। इस दौरान मुख्य अतिथि अमृत लाल डामोर ने ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र व्यक्तियों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ लेने का आह्वान किया।

शिविर के दौरान राजस्व विभाग से जुड़े अनेक प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इनमें 10 नामांतरण, 18 शुद्धिकरण प्रकरणों के साथ पथरावड़ी एवं पक्कीकरण, मूल निवास प्रमाण पत्र, रजिस्ट्री, भूमि आवंटन, जॉब कार्ड तथा शौचालय गड्ढों की स्वीकृतियों सहित विभिन्न मामलों का समाधान शामिल रहा।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को व्यापक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर में बीपी एवं शुगर जांच, ओरल, ब्रेस्ट और सर्वाइकल कैंसर की स्क्रीनिंग, बच्चों का टीकाकरण तथा टीबी जांच सहित कुल 205 स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। इसके अलावा आयुर्वेद विभाग द्वारा भी परामर्श सेवाएं दी गईं। वहीं पशुपालन विभाग ने मंगला पशु बीमा योजना के तहत 130 कार्य संपादित कर पशुपालकों को लाभान्वित किया।

शिविर में तहसीलदार रेवत राम, नोडल प्रभारी, विकास अधिकारी मदन लाल लोहार, बीसीएमएचओ डॉ. अरुण मीणा, सहायक विकास अधिकारी अरुण कुमार सिंह, सरपंच अरविंद भनात मीणा, सहायक कृषि अधिकारी सूरजमल मनात, ग्राम विकास अधिकारी राजेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर न केवल जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बन रहे हैं, बल्कि सरकारी योजनाओं की जानकारी और उनके लाभ को आमजन तक पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story