खेरवाड़ा में घर के पास दिखा 12 फीट लंबा अजगर, स्नेक मित्रों ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
खेरवाड़ा के कातरवास कलां में घर के पास 12 फीट लंबा अजगर दिखने से हड़कंप मचा। स्नेक मित्रों ने रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।

तस्वीर में स्नेक मित्र और ग्रामीण खेरवाड़ा के कातरवास कलां गांव में अजगर को पकड़े हुए दिख रहे हैं.
खेरवाड़ा तहसील के कातरवास कलां गांव में बुधवार को घर के पास करीब 12 फीट लंबा अजगर दिखाई देने से हड़कंप मच गया। पक्षियों की लगातार आवाज सुनकर घर मालिक बाहर आया तो सागर मल दरंगा के मकान की दीवार के समीप विशाल अजगर मौजूद था।
अजगर दिखाई देने की सूचना पर ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद ग्रामीणों ने कातरवास कलां निवासी स्नेक मित्र अमृत कटारा से संपर्क किया। अमृत कटारा ने अपने साथी शुभम जैन को मौके पर बुलाया।
दोनों स्नेक मित्र मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद अजगर को खुनादरी जंगल क्षेत्र में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
अजगर के रेस्क्यू के दौरान मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। अजगर को सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। स्नेक मित्रों ने लोगों से अपील की कि घर या आबादी क्षेत्र में सांप अथवा अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर उन्हें नुकसान न पहुंचाएं, बल्कि वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
