खेरवाड़ा के करनाऊआ में लगा ग्रामीण सेवा शिविर: योजनाओं का मिला लाभ, 105 की हुई स्वास्थ्य जांच
खेरवाड़ा के करनाऊआ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में ग्रामीणों को एक ही स्थान पर योजनाओं का लाभ मिला। राजस्व, चिकित्सा और पशुपालन विभाग की टीम ने मौके पर ही समस्याओं का समाधान किया और प्रमाण पत्रों का वितरण किया। जानिए शिविर में क्या-क्या हुआ।

खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत करनाऊआ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के दौरान अधिकारियों द्वारा लाभार्थी को दस्तावेज सौंपते हुए।
तहसील खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत करनाऊआ में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हुआ, जहां एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी विभागों की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया गया। शिविर में राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक न्याय, चिकित्सा एवं ऊर्जा सहित कई महत्वपूर्ण विभागों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं, जिसका लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उठाया।
प्रशासनिक स्तर पर आयोजित इस शिविर में कार्यों का त्वरित निस्तारण किया गया। राजस्व संबंधी मामलों में 7 नामांतरण, 4 शुद्धिकरण, 4 राजकीय कार्यों हेतु भूमि आवंटन और आवासीय पट्टों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से सुलझाया गया। शिविर में 3 विवाह पंजीयन, 40 जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, 17 जन्म प्रमाण पत्र के साथ ही पेंशन के 2 आवेदन स्वीकृत किए गए। इसके अलावा पालनहार योजना के तहत 6 लाभार्थियों का सत्यापन भी किया गया।
स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की भागीदारी ने शिविर को और अधिक उपयोगी बना दिया। चिकित्सा टीम ने मौके पर 105 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की। वहीं पशुपालन विभाग की ओर से मंगला पशु बीमा योजना के अंतर्गत 43 पशुओं का बीमा सुनिश्चित किया गया। कार्यक्रम के दौरान नए विद्युत कनेक्शन स्वीकृत किए गए और वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा पास भी वितरित किए गए।
शिविर में विकास अधिकारी मदन लाल लोहार, तहसीलदार रेवत राम, पीओ बसु राम, ग्राम पंचायत प्रशासक हेमंत मीणा तथा ग्राम विकास अधिकारी सहित विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रशासनिक अधिकारियों ने न केवल ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, बल्कि मौके पर ही उनका समाधान कर उन्हें जनकल्याणकारी योजनाओं की बारीकियों से भी अवगत कराया। शिविर के समापन पर लाभार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए, जिससे ग्रामीणों में संतोष का भाव देखा गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
