मोड मेवाड़ा कलाल समाज कनबई: शपथ ग्रहण समारोह में शिक्षा और सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन का संकल्प
खेरवाड़ा के कनबई में मोड मेवाड़ा कलाल समाज का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम में शिक्षा को बढ़ावा देने और सामाजिक कुरीतियों को जड़ से मिटाने का बड़ा संकल्प लिया गया। जानिए कौन बना नया सचिव और क्या रहे कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण।

खेरवाड़ा के कनबई में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान उपस्थित समाजजन और पदाधिकारी।
खेरवाड़ा के कनबई में रविवार को मोड मेवाड़ा कलाल समाज इकाई कनबई का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता इकाई अध्यक्ष धूलेश्वर कलाल ने की, जबकि समाज के संरक्षक नारायणलाल पादर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस गरिमामय समारोह में विशिष्ट अतिथि के तौर पर पोपटलाल छानी एवं विनोद अमजरा शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान एडवोकेट हेमंत कुमार कलाल को लगातार दूसरी बार इकाई सचिव के पद पर मनोनीत किया गया।
समारोह में समाज की केंद्रीय कार्यकारिणी, इकाई पदाधिकारियों, मार्गदर्शक मंडल एवं चुनाव प्रभारियों का माला और दुपट्टा पहनाकर भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने इकाई अध्यक्ष धूलेश्वर कलाल एवं नवनियुक्त सचिव एडवोकेट हेमंत कुमार कलाल का पगड़ी, माला एवं दुपट्टा पहनाकर सम्मान किया। छानी परिवार के चुन्नीलाल, किरीटलाल, पोपटलाल एवं विनोद कुमार ने अध्यक्ष का विशेष सम्मान किया।
अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में धूलेश्वर कलाल ने कहा कि समाज की जाजम बिछाने वाला ही समाज का असली सेवक होता है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि समाज में व्याप्त कुरीतियों को चरणबद्ध तरीके से समाप्त किया जाएगा तथा शिक्षा को बढ़ावा देना संगठन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। नवनियुक्त सचिव एडवोकेट हेमंत कुमार कलाल ने विश्वास जताने के लिए समाज का आभार व्यक्त करते हुए सेवा के लिए सदैव समर्पित रहने और समाज के नियमों की पालना सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में संरक्षक नारायणलाल पादर ने कहा कि समाज ने धूलेश्वर कलाल पर चौथी बार विश्वास जताया है, जो उनकी कार्यक्षमता को दर्शाता है। रमेश छानी ने समाज के मूल मंत्र सबका साथ, सबका विकास पर जोर दिया। अहमदाबाद से पधारीं लक्ष्मी बहन ने समाज निर्माण में महिलाओं की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन गहरीलाल कनबई ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन कपिलदेव कनबई और आभार प्रदर्शन देवीलाल पाटिया ने किया। इस शपथ ग्रहण समारोह में कनबई सहित दस गांवों से बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
