श्री काली कल्याण धाम कल्लाजी मंदिर में नवरात्रि हवन-यज्ञ संपन्न, सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दी आहुतियां
खेरवाड़ा के मोंगियावाड़ा स्थित श्री काली कल्याण धाम कल्लाजी मंदिर में नवरात्रि पर हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने आहुतियां दीं। महंत श्री रामलालजी की उपस्थिति में पूजा-अर्चना, छप्पन भोग, स्तुति और आरती के साथ धार्मिक अनुष्ठान हुआ।

खेरवाड़ा के मोंगियावाड़ा स्थित श्री काली कल्याण धाम शक्तिपीठ कल्लाजी मंदिर में अश्विन मास शुक्ल पक्ष के नवरात्रि पर्व पर पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और हवन-यज्ञ का आयोजन श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया। आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कीं और देवी-देवताओं का आशीर्वाद प्राप्त किया।
हवन-यज्ञ के दौरान तीन जोड़ों ने यज्ञ कुंड में बैठकर विधि-विधान से आहुतियां अर्पित कीं। विनोद भाई, गट्टू भाई और भरत भाई ने अपने परिवार सहित यज्ञ में भाग लिया। गादीपति महंत श्री रामलालजी ने नारियल और घी की मुख्य आहुति अर्पित कर यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने भी अपने परिवार के साथ हवन में आहुतियां दीं।
मंदिर के मुख्य पुजारी दीपक व्यास और पंडित यशवंत त्रिवेदी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ सभी देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना करवाई। इस दौरान रुद्राणी माताजी, कालिका माता, नवदुर्गा माताजी, लोक देवता श्री कल्लाजी बावजी, हनुमानजी, भैरवजी, श्री शेषावतार भगवान, नागणेच्या माताजी और भोलेनाथ शिवजी को छप्पन भोग अर्पित किया गया। श्री कल्लाजी बावजी को केसर एवं दूध का प्याला भी चढ़ाया गया।
धार्मिक आयोजन के तहत मंदिर परिसर में सभी देवी-देवताओं को फूल-मालाओं और आकर्षक वस्त्रों से सजाया गया। इसके बाद देवी-देवताओं की आरती, बावजी का हेलो, माताजी की स्तुति, भैरवजी की स्तुति और हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। गादीपति महंत श्री रामलालजी बावजी की गादी पर विराजमान हुए और श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। धार्मिक अनुष्ठान के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
आयोजन में मोंगिया बस्ती के लोगों का विशेष सहयोग रहा। मंदिर के सेवक राजूभाई, जसवंत भाई, टीना भाई, विनोद भाई, भरत भाई, जिग्नेशजी, निखिलजी, वीरम कुमारजी, मांगीलालजी, प्रकाश भाई और नरेश भाई सहित काली कल्याण धाम मंदिर कमेटी के सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी ने हवन-यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर धार्मिक आयोजन में भाग लिया।
श्री काली कल्याण धाम शक्तिपीठ कल्लाजी मंदिर में आयोजित नवरात्रि हवन-यज्ञ भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने माता रानी और श्री कल्लाजी बावजी से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना की।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
