जायरा ग्राम सेवा शिविर में मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान, 22 विभागों ने दीं एक ही स्थान पर सेवाएं
खेरवाड़ा के जायरा ग्राम सेवा शिविर में 22 विभागों ने ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान किया। स्वास्थ्य जांच, राजस्व प्रकरणों के निस्तारण और बीज वितरण भी हुआ।

तस्वीर में बाएं से दाएं, शिविर में मौजूद अधिकारी और जनप्रतिनिधि एक महिला लाभार्थी को सरकारी योजना का प्रमाण पत्र सौंपते हुए दिखाई दे रहे हैं।
खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत जायरा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया, जहां ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा उपखण्ड शिविर प्रभारी ममता मीणा ने की। शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे और ग्रामीणों द्वारा विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं एवं मांगें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। प्राप्त प्रकरणों का मौके पर निस्तारण किया गया तथा आवश्यक मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश भी दिए गए।
शिविर में विकास अधिकारी चंदू लाल, शिविर प्रभारी तहसीलदार हिम्मत राम पटेल, बलदेव खराड़ी, कांतिलाल गमेती, प्रशासक इंदिरा देवी, रमेश खराड़ी, पंचायत के जनप्रतिनिधि, ग्राम विकास अधिकारी हितेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर विभागवार समस्याओं की सुनवाई की और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की।
राजस्व विभाग की ओर से नामांतरण, शुद्धिकरण, बंटवारा, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, सीमा ज्ञान, रजिस्ट्री एवं भूमि आवंटन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड, पट्टा, भवन निर्माण स्वीकृति तथा शौचालय गड्ढों की स्वीकृतियों सहित विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया गया। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी जारी किए गए।
चिकित्सा विभाग ने शिविर में बीपी एवं शुगर जांच, ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर की जांच, बच्चों का टीकाकरण, टीबी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही आयुर्वेद परामर्श सेवाएं और होम्योपैथी सेवाएं भी ग्रामीणों को प्रदान की गईं। पशुपालन विभाग ने पशुओं का उपचार किया तथा मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित कार्य संपादित किए। वहीं किसानों को उन्नत किस्म के मक्का बीज के मिनीकिट का वितरण भी किया गया। शिविर के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा आवश्यक फोटो प्रक्रिया पूरी कर पात्र लोगों को प्रमाण पत्र जारी किए गए, जिससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाओं का लाभ मिला।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
