अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं परिवहन के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खेरवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध देशी महुआ हथकड़ शराब बरामद की है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रथम कार्रवाई में 08 जून 2026 को हैड कांस्टेबल दिग्विजय सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थौबावाड़ा रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए आरोपी दिनेश कुमार मीणा (42 वर्ष) निवासी थौबावाड़ा को अवैध रूप से देशी महुआ हथकड़ शराब रखने एवं परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध शराब बरामद कर जब्त की।

दूसरी कार्रवाई में हैड कांस्टेबल सुशीला ने मेघवाल बस्ती, खेरवाड़ा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी नानजी मीणा (45 वर्ष) निवासी थौबावाड़ा हाल मोगिया बस्ती, खेरवाड़ा को अवैध देशी महुआ हथकड़ शराब के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद शराब को जब्त कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया।

इसी क्रम में तीसरी कार्रवाई के दौरान कलालिया क्षेत्र में हैड कांस्टेबल हितेश ने आरोपी गोतम पुत्र कुरा डामोर (57 वर्ष) निवासी पडियाकाड़ को अवैध रूप से देशी महुआ हथकड़ शराब रखने एवं परिवहन करते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध शराब बरामद कर जब्त की तथा उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की।

तीनों मामलों में पुलिस ने अवैध शराब जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रकरणों की आगे की जांच हैड कांस्टेबल गिरधारी लाल एवं दिग्विजय सिंह द्वारा की जा रही है। थानाधिकारी करनाराम जाट ने आमजन से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन की सूचना पुलिस को देने की अपील की है, ताकि ऐसे अवैध कार्यों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध पुलिस की सख्त निगरानी और निरंतर अभियान को दर्शाती है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story