गुड़ा ग्राम सेवा शिविर: समस्याओं के त्वरित समाधान से ग्रामीणों को मिली बड़ी राहत
खेरवाड़ा के गुड़ा में आयोजित ग्राम सेवा शिविर में प्रशासन ने 22 विभागों के साथ मिलकर ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर निस्तारण किया। किन-किन विभागों ने दी सबसे ज्यादा राहत? जानिए शिविर की पूरी रिपोर्ट।

खेरवाड़ा के गुड़ा में आयोजित शिविर में अधिकारी ग्रामीणों को दस्तावेज सौंपते हुए।
खेरवाड़ा उपखंड की ग्राम पंचायत गुड़ा में राजीव गांधी सेवा केंद्र पर आयोजित ग्राम सेवा शिविर में स्थानीय ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में आयोजित इस महत्वपूर्ण शिविर की अध्यक्षता भाजपा उपखंड शिविर प्रभारी ममता मीणा ने की। इस दौरान ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिकों ने उपस्थित होकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और जनसुनवाई के माध्यम से उनकी मांगों का निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
शिविर में विकास अधिकारी चंदू लाल, शिविर प्रभारी तहसीलदार हिम्मत राम पटेल, प्रशासक सुमित्रा डामर, पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा ग्राम विकास अधिकारी कल्पना सहित विभिन्न विभागों के आला अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही समाधान किया गया और कुछ आवश्यक प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।
विभागवार आंकड़ों पर गौर करें तो इस शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने सर्वाधिक 90 लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। इसके अलावा राजस्व विभाग में 27, पंचायती राज विभाग में 16, पशुपालन विभाग में 16, कृषि विभाग में 12, आयोजना विभाग में 9, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में 4, सहकारिता विभाग में 4, परिवहन विभाग में 4, ऊर्जा विभाग में 3, शिक्षा विभाग में 3, आयुर्वेद विभाग में 2, महिला और बाल विकास विभाग में 2 तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में 1 प्रकरण का निस्तारण किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी समस्याओं से संबंधित पत्र अधिकारियों को सौंपकर तत्काल राहत प्राप्त की। प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से निजात मिली और समस्याओं का समाधान उनके ही गांव में सुलभ हो गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
