खेरवाड़ा। नयागांव पंचायत समिति की ग्राम पंचायत सरेरा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र में उपखंड अधिकारी शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में ग्रामीण सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ब्लॉक स्तर के 22 विभागों के अधिकारी एवं कार्मिक उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं और मांगें अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। आवश्यक प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश भी दिए गए।

शिविर में विकास अधिकारी चंदू लाल, शिविर प्रभारी तहसीलदार हिम्मत राम पटेल, भाजपा उपखंड संयोजक ममता मीणा, भाजपा नयागांव मंडल अध्यक्ष एवं प्रशासक दुर्गा भगोरा, पंचायत के जनप्रतिनिधि, ग्राम विकास अधिकारी हितेश अहारी, भाजपा मंडल के महामंत्री मुकेश गामोठ, ललित जोशी, राकेश पटेल सहित अन्य पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

राजस्व विभाग की ओर से नामांतरण, शुद्धिकरण, बंटवारा, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, सीमा ज्ञान, रजिस्ट्री, भूमि आवंटन, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड, पट्टा, भवन निर्माण स्वीकृति तथा शौचालय गड्ढों की स्वीकृतियों सहित विभिन्न प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

चिकित्सा विभाग ने बीपी एवं शुगर जांच, ओरल, ब्रेस्ट एवं सर्वाइकल कैंसर जांच, बच्चों का टीकाकरण, टीबी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराईं। इसके साथ ही आयुर्वेद परामर्श सेवाएं और होम्योपैथी सेवाएं भी प्रदान की गईं। पशुपालन विभाग ने पशुओं का उपचार किया तथा मंगला पशु बीमा योजना से संबंधित कार्य संपादित किए। कृषि विभाग की ओर से किसानों को उन्नत किस्म के मक्का बीज के मिनीकिट वितरित किए गए।

शिविर के दौरान विभिन्न पात्र ग्रामीणों को प्रमाण पत्र भी जारी किए गए। ग्राम स्तर पर आयोजित इस शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर अनेक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराते हुए ग्रामीणों की लंबित समस्याओं के समाधान, आवश्यक प्रमाण पत्रों के वितरण और विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story