ग्रामीण सेवा शिविर 2026 में वर्षों की प्रतीक्षा खत्म, वागपुर में पात्र परिवारों को मिले आवासीय भूमि के पट्टे
खेरवाड़ा के वागपुर में ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान पात्र परिवारों को वर्षों बाद आवासीय भूमि के पट्टे मिले, जिससे स्थायी आवास की उम्मीद मजबूत हुई।

खेरवाड़ा में राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित "ग्रामीण सेवा शिविर-2026" के तहत सोमवार को पंचायत समिति खेरवाड़ा की ग्राम पंचायत वागपुर में आयोजित शिविर के दौरान वर्षों से आवासीय भूमि के पट्टे की प्रतीक्षा कर रहे पात्र परिवारों को नियमानुसार आवासीय भूमि के पट्टे जारी किए गए। पट्टे मिलने के बाद लाभार्थियों में खुशी का माहौल रहा और परिवारों के चेहरों पर राहत साफ दिखाई दी।
शिविर के दौरान पन्ना पुत्र हल्कू, संगीता पत्नी प्रकाश चन्द्र, शारदा देवी पत्नी नरेश पटेल, सविता देवी पत्नी कन्हैयालाल पटेल तथा कुशीचन्द पुत्र मंगला सहित अन्य पात्र आवेदकों ने आवासीय भूमि के पट्टों के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।
उपखंड अधिकारी खेरवाड़ा शिवन्या गुप्ता के निर्देशन में राजस्व एवं पंचायतीराज विभाग के अधिकारियों ने प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों की जांच की। जांच के उपरांत पंचायती राज नियम, 1996 के नियम 157(1) एवं 157(2) के तहत पात्र आवेदकों को आवासीय भूमि के पट्टे जारी किए गए।
आवासीय भूमि के पट्टे प्राप्त होने पर लाभार्थियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए राजस्थान सरकार, मुख्यमंत्री तथा जिला प्रशासन का आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि लंबे समय बाद भूमि का वैधानिक अधिकार मिलने से उन्हें स्थायी आवास की दिशा में बड़ी राहत मिली है। ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के तहत जारी किए गए इन आवासीय भूमि पट्टों को पात्र परिवारों के लिए महत्वपूर्ण राहत के रूप में देखा जा रहा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
