खेरवाड़ा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत मगरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर प्रशासन की संवेदनशीलता और जनकल्याणकारी तत्परता का केंद्र बन गया। इस शिविर के दौरान एक वृद्ध महिला जमकू देवी को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ पुनः दिलवाकर प्रशासन ने न केवल एक जरूरतमंद के जीवन में खुशहाली लौटाई, बल्कि त्वरित समाधान की अनूठी मिसाल भी पेश की। जमकू देवी लंबे समय से पेंशन सुविधा से वंचित थीं, क्योंकि पूर्व में जनआधार कार्ड में आयु संबंधी पात्रता मापदंडों की तकनीकी जटिलताओं के कारण उनकी पेंशन बंद कर दी गई थी।

शिविर के दौरान जैसे ही यह मामला संज्ञान में आया, शिविर प्रभारी एवं बीडीओ मदन लाल लोहार और टीडीआर रेवत राम ने मामले को प्राथमिकता देते हुए समाज कल्याण विभाग के कनिष्ठ लेखाकार विशाल जोशी को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। विभागीय टीम ने बिना समय गंवाए पंचायत समिति की पेंशन शाखा से समन्वय स्थापित कर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कीं। इस सफल प्रयास के परिणामस्वरूप वृद्ध महिला की पेंशन पुनः सुचारू कर दी गई। इस अवसर पर पंचायत समिति के पेंशन प्रभारी एएसओ बसुराम, सीबीईओ ज्योति प्रकाश और ग्राम पंचायत मगरा के वीडीओ अभिषेक सालवी भी मौजूद रहे। पेंशन स्वीकृति पत्र प्राप्त होते ही जमकू देवी और उनके परिजनों की आंखों में संतोष के भाव थे, उन्होंने राजस्थान सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के आयोजन से सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना आसान हो गया है और जटिल प्रशासनिक समस्याओं का मौके पर ही निराकरण संभव हो पा रहा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story