ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में तीन महिलाओं की बंद पेंशन फिर हुई शुरू, वर्षों बाद चेहरों पर लौटी मुस्कान
खेरवाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत नवागरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान तीन महिलाओं की लंबे समय से बंद सामाजिक सुरक्षा पेंशन पुनः शुरू की गई। प्रशासन ने वार्षिक सत्यापन के बाद राहत दी, जिससे लाभार्थियों को आर्थिक संबल मिला और शिविर की प्रभावशीलता भी सामने आई।

खेरवाड़ा के नवागरा में आयोजित शिविर में अधिकारी लाभार्थियों को दस्तावेज सौंपते हुए और पेंशनभोगी महिलाएं अपने पेंशन दस्तावेज दिखाती हुईं।
खेरवाड़ा तहसील की ग्राम पंचायत नवागरा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर-2026 के दौरान सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के तहत लंबे समय से बंद पड़ी तीन महिलाओं की सामाजिक सुरक्षा पेंशन पुनः प्रारंभ कर उन्हें राहत प्रदान की गई। पेंशन बहाल होने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर मुस्कान लौट आई और उन्होंने राज्य सरकार एवं प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर में तहसीलदार रेवत राम भील, विकास अधिकारी मदनलाल लोहार एवं एडीओ रमीला भनात के निर्देशन में सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया गया। इस दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कर्मचारियों तथा वरिष्ठ सूचना सहायक के सहयोग से आवश्यक वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कर लाभार्थियों की बंद पड़ी पेंशन को पुनः शुरू कराया गया।
शिविर के दौरान बर्जू देवी की एक वर्ष से बंद सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मानी देवी की दो वर्ष से बंद पेंशन तथा बालकी देवी की तीन वर्ष से बंद पड़ी सामाजिक सुरक्षा पेंशन को पुनः प्रारंभ किया गया। पेंशन दोबारा शुरू होने पर तीनों लाभार्थी महिलाओं ने राज्य सरकार एवं प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें आर्थिक संबल मिलेगा और उनके दैनिक जीवन में राहत प्राप्त होगी।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष बाल सिंह चौहान, जिला संयोजक प्रकोष्ठ जयदीप जैन, सहायक विकास अधिकारी रमीला भनात सहित जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।
ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं का समयबद्ध लाभ उपलब्ध कराना है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
