खेरवाड़ा के पूर्व सरपंच सोमा राम पारगी का निधन, राजीव गांधी को ले गए थे धनोल गांव
1985 में तत्कालीन पीएम राजीव गांधी और सोनिया गांधी को कीचड़ भरे रास्तों से पैदल धनोल गांव ले जाकर आदिवासी अंचल की समस्याएं दिखाई थीं।

खेरवाड़ा तहसील के धनोल (छाणी) गांव के पूर्व सरपंच सोमा राम पारगी का निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई। अंतिम विदाई देने के लिए सैकड़ों ग्रामीण धनोल गांव पहुंचे और जयकारों के साथ उन्हें विदाई दी।
सोमा राम पारगी का नाम वर्ष 1985 में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के धनोल गांव दौरे से जुड़ा रहा है। 8 अगस्त 1985 को राजीव गांधी, सोनिया गांधी और तत्कालीन कृषि मंत्री बूटा सिंह खेरवाड़ा के कनबई दौरे पर आए थे। इस दौरान पूर्व सरपंच सोमा राम पारगी की जिद के चलते उन्हें धनोल गांव की बदहाल स्थिति देखने के लिए पथरीले, उबड़-खाबड़ और कीचड़ से भरे रास्तों पर पैदल करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करना पड़ा था। इसके बाद वे आदिवासी बस्ती तक पहुंचे थे।
इस ऐतिहासिक दौरे के दौरान सोनिया गांधी ने भूराभाई आदिवासी के घर पर कांगणी-बरटी की रोटी चखी और आदिवासी परिवारों की जीवनशैली को करीब से देखा। ग्रामीणों की गरीबी और उनके भोजन की स्थिति देखकर राजीव गांधी ने आश्चर्य व्यक्त किया था।
इस दौरे से जुड़ी यादों में गरीब परिवारों के लिए इंदिरा आवास योजना, सस्ता अनाज, जीवनधारा एवं कुटीर योजना जैसी योजनाओं की घोषणाओं का भी उल्लेख किया जाता है।
सोमा राम पारगी अब हमारे बीच नहीं रहे, लेकिन वर्ष 1985 में आदिवासी अंचल की बदहाल तस्वीर देश के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाने में उनकी भूमिका क्षेत्र के लोगों की स्मृतियों में बनी रहेगी। धनोल गांव तक राजीव गांधी और सोनिया गांधी को ले जाने का उनका प्रयास आज भी उस ऐतिहासिक दौरे की यादों के रूप में जीवित है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
