खेरवाड़ा उपखंड के खैरवाड़ा विद्युत सबस्टेशन पर कार्यरत विद्युत विभाग के ठेकेदार चंदा एंड कंपनी के एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, नियुक्ति पत्र और सुरक्षा उपकरणों की मांग को लेकर अयन कार्यालय तथा ठेकेदार के सुपरवाइजर को ज्ञापन सौंपा। इसी संबंध में कर्मचारियों ने एवीवीएनएल के सहायक अभियंता को भी ज्ञापन देकर मांगों का शीघ्र समाधान करने की मांग की।

ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वर्ष 2022 से कंपनी के माध्यम से कार्य करने के बावजूद आज तक उन्हें नियुक्ति (ज्वाइनिंग) पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में उन्हें प्रतिमाह केवल 7,000 से 7,500 रुपये तक वेतन दिया जा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व भी वेतन वृद्धि को लेकर ज्ञापन दिया गया था, लेकिन उस समय कुछ कर्मचारियों के वेतन में केवल 500 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।

कर्मचारियों का कहना है कि वे 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए हर समय तैयार रहते हैं। बारिश सहित विषम परिस्थितियों में भी फॉल्ट सुधार का कार्य करते हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई के दौर में इतने कम वेतन में परिवार का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। उन्होंने सभी एफआरटी कर्मचारियों के लिए न्यूनतम 15 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन निर्धारित करने की मांग की है।

इसके साथ ही कर्मचारियों ने सभी एफआरटी कर्मियों को नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराने तथा आवश्यक सुरक्षा सामग्री जैसे हैंड ग्लव्स, प्लायर, टेस्टर, अर्थ चेन, रेनकोट, बीमा सहित अन्य सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने की भी मांग उठाई है।

कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि सात दिनों के भीतर उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई तो सभी एफआरटी कर्मचारी सामूहिक रूप से कार्य का बहिष्कार करेंगे, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित कंपनी एवं विभाग की होगी।

ज्ञापन प्रस्तुत करने के दौरान मंगलेश्वर खराड़ी, मनोज, शांति लाल, प्रवीण, दीपक, रतन, बंशी लाल, हिमालय और शंभू सहित अन्य एफआरटी कर्मचारी उपस्थित रहे। कर्मचारियों की सात दिन की चेतावनी के बाद अब संबंधित कंपनी और विभाग की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story