खेरवाड़ा। पर्युषण महापर्व की तैयारियों को लेकर स्थानीय दिगंबर जैन समाज की बैठक शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर सभागार में समाज अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 16 सितंबर से प्रारंभ होने वाले पर्युषण महापर्व के आयोजन को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।

समाज के महामंत्री भूपेंद्र कुमार जैन ने बताया कि 16 सितंबर से 25 सितंबर तक चलने वाले पर्युषण महापर्व के दौरान प्रतिदिन प्रातः 8:00 बजे से जलाभिषेक, शांतिधारा, पूजन एवं आरती तथा सायं 7:30 बजे से महाआरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। पर्युषण पर्व के दौरान मंदिर स्थित सभागार में कवि सम्मेलन भी होगा। वहीं 24 सितंबर, त्रयोदशी के दिन प्रतिभावान छात्र-छात्रा सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।

बैठक में समाज उपाध्यक्ष रवि प्रकाश मेहता, कोषाध्यक्ष दिनेश कोठारी, वरिष्ठ कार्यकारिणी सदस्य धरणेन्द्र जैन, कांतिलाल किकावत, पुष्कर पंचोली, पूर्व अध्यक्ष श्रीपाल जैन, श्याम सुंदर कोठारी, राजेंद्र कोठारी, पूर्व उपाध्यक्ष पारस जैन, पूर्व महामंत्री हसमुख जैन एवं धनपाल गंगावत, वरिष्ठ सदस्य विमल कोठारी, रतनलाल चंदावत, हितेश पंचोली, सुरेश जैन, महिला परिषद अध्यक्ष शकुंतला कोठारी, महामंत्री किरण कोठारी, युवा परिषद के अक्षय मेहता सहित बड़ी संख्या में दिगंबर जैन समाज के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का संचालन महामंत्री भूपेंद्र कुमार जैन ने किया, जबकि आभार अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी ने ज्ञापित किया।

महापर्व की समाप्ति के पश्चात 26 सितंबर शनिवार को नगर में भव्य रथ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। रथ यात्रा सायं 5:00 बजे शांतिनाथ दिगंबर जैन मंदिर से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई रात्रि 12:00 बजे पुनः मंदिर पहुंचकर समाप्त होगी।

26 सितंबर को प्रातः समाजजनों द्वारा संवत्सरी मनाई जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु जाने-अनजाने हुई भूलों और अपराधों के लिए क्षमा मांगेंगे तथा परस्पर मिच्छामी दुक्कडम कहकर क्षमा याचना करेंगे। पर्युषण महापर्व के दौरान आयोजित धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों को लेकर हुई बैठक में समाजजनों की सहभागिता से तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया।


Dharnendra Jain( Kherwara)

Dharnendra Jain( Kherwara)

नाम: धरणेन्द्र जैन

वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)

कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें

अनुभव: 30 वर्ष से अधिक

परिचय 

धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:

  • वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
  • उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
  • वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।

Next Story