खेरवाड़ा वन विभाग ने एक मृत पैंथर के नाखून चोरी करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पैंथर के नौ नाखून और नाखून काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद की है। न्यायालय में पेश करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

घटनाक्रम के अनुसार, 10 जुलाई को चटोल गांव के जंगल क्षेत्र में एक पैंथर मृत पाया गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और मृत पैंथर का पोस्टमार्टम प्रथम श्रेणी पशु चिकित्सालय, खेरवाड़ा में करवाया। पोस्टमार्टम के दौरान पैंथर के नौ नाखून गायब होने का खुलासा हुआ, जबकि चिकित्सकीय जांच में पैंथर की मौत का कारण अन्य पैंथरों के साथ आपसी संघर्ष होना पाया गया।

वन्यजीव के अंगों की तस्करी की आशंका को देखते हुए उपवन संरक्षक उदयपुर मुकेश सेनी एवं सहायक वन संरक्षक सुरेखा चौधरी के निर्देशन में क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद फजले रब्बी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम ने जांच शुरू की। टीम ने संदेह के आधार पर चाटोल डेरी गांव में दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान अर्जुन लाल पुत्र वेल सिंह (23 वर्ष) को हिरासत में लिया गया, जिसके पास से मृत पैंथर के नौ नाखून और नाखून काटने के लिए इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान आरोपी ने नाखून काटने की बात स्वीकार कर ली है।

वन विभाग ने आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया। बाद में उसे अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीवों के अंगों की अवैध तस्करी एवं शिकार से जुड़े मामलों में उनकी टीम की सख्त कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कदम उठाए जाएंगे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story