खेरवाड़ा थाना परिसर में शनिवार देर शाम सीएलजी सदस्यों एवं शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र में कानून व्यवस्था, शांति और सौहार्द बनाए रखने के साथ अपराध नियंत्रण को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में नव पदस्थापित ऋषभदेव पुलिस उप अधीक्षक छगन पुरोहित मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि नव पदस्थापित खेरवाड़ा थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा ने बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक को संबोधित करते हुए पुलिस उप अधीक्षक छगन पुरोहित ने क्षेत्र में शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीएलजी सदस्यों एवं शांति समिति से पुलिस प्रशासन को सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस और आमजन के समन्वय से ही अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।

थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा ने कहा कि खेरवाड़ा थाना क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध एवं तत्पर है। उन्होंने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।

बैठक के दौरान सीएलजी एवं शांति समिति के सदस्यों ने कस्बे में अवैध वाहन पार्किंग, नशाखोरों के खिलाफ कार्रवाई, अतिक्रमण तथा पावर बाइक पर स्टंट कर आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। सदस्यों ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा सार्वजनिक स्थानों पर हो रहे अतिक्रमण को हटाने के लिए नियमित अभियान चलाने का भी आग्रह किया। इस दौरान सदस्यों ने नव पदस्थापित पुलिस उप अधीक्षक एवं थानाधिकारी का पगड़ी पहनाकर एवं उपर्णा ओढ़ाकर अभिनंदन किया।

पुलिस अधिकारियों ने सदस्यों के सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए कहा कि कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

बैठक में पूर्व प्रधान अमृत लाल डामोर, व्यापार महासंघ के अध्यक्ष अमित कलाल, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश कलाल, व्यापार महासंघ महामंत्री नरेंद्र पंचोली, बडला सरपंच टीना मीणा, भाजपा नेता पारस जैन, भाजपा मंडल महामंत्री भूपेंद्र पटेल एवं विक्रांत कोठारी, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल, जगदीश चौहान, भंवर पटेल, मुकेश टांक, सरफराज खान सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story