खेरवाड़ा क्षेत्र के चुण्डावाड़ा गांव में तीन दिवसीय ‘समर भूमि शिविर’ का भव्य एवं सफल समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। यह शिविर स्थानीय भारती पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित किया गया था, जिसमें सैकड़ों बालकों ने आत्मरक्षा, करियर मार्गदर्शन तथा सांस्कृतिक-संस्कारिक शिक्षा का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

चुण्डावाड़ा स्थित भारती पब्लिक स्कूल में आयोजित इस तीन दिवसीय आयोजन का संचालन जय राजपूताना संघ के संस्थापक विपसा रेटा के सानिध्य में किया गया। शिविर में लगभग 500 बालकों ने भाग लेकर विविध प्रशिक्षण सत्रों में सक्रिय सहभागिता निभाई। कार्यक्रम में राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात सहित विभिन्न राज्यों से आए संघ सेवकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

महाराणा प्रताप जयंती की पूर्व संध्या पर विद्यालय परिसर से भव्य ‘शौर्य संचालन’ रैली निकाली गई, जिसने पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और शौर्य का वातावरण निर्मित कर दिया। केसरिया ध्वज और महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान, दुर्गादास राठौड़ सहित महान योद्धाओं के चित्रों के साथ यह रैली मुख्य मार्गों से होती हुई बामणिया तक पहुंची और पुनः विद्यालय परिसर में संपन्न हुई। मार्ग में ग्रामीणों ने रैली का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया तथा पेयजल एवं अल्पाहार की व्यवस्था की। इस दौरान युवाओं ने लाठी और तलवार के साहसिक करतबों का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।

समापन समारोह में वागड़-भोमट क्षत्रिय महासभा के पदाधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने उपस्थित होकर युवाओं को समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया। इनमें कान सिंह चुंडावाड़ा, प्रहलाद सिंह चीबुड़ा, भोपाल सिंह और अनार सिंह सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।

शिविर की संपूर्ण रूपरेखा लोकेंद्र सिंह भगोरवास, कुशाल सिंह हीरावास, महिपाल सिंह, गोपाल सिंह और हर्षवर्धन सिंह द्वारा तैयार की गई, जबकि संयोजन की जिम्मेदारी शिविर प्रमुख नागेंद्र सिंह ने संभाली। आयोजन में राव सा. भगवत सिंह चुंडावाड़ा, रणजीत सिंह, केसर सिंह ढिकवास और भोपाल सिंह झूथरी सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।

शिक्षक दल की व्यवस्था ललित सिंह चुंडावत के निर्देशन में की गई, जबकि विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षकों और सेवकों ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अंत में मोहब्बत सिंह धामोद ने सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। तीन दिवसीय यह शिविर बालकों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story