खेरवाड़ा: गोदावरी धाम में भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन, पंचायत चुनाव की बनी रणनीति
पूर्व उप जिला प्रमुख सुंदरलाल भाणावत और पूर्व विधायक नानालाल अहारी की उपस्थिति में खेरवाड़ा पंचायत समिति में प्रधान बनाने का लिया संकल्प।

तस्वीर में एक व्यक्ति माइक हाथ में लेकर सभा को संबोधित करता हुआ दिख रहा है।
भारतीय जनता पार्टी मंडल खेरवाड़ा के कार्यकर्ताओं का एक दिवसीय सम्मेलन शनिवार को समीपवर्ती प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गोदावरी धाम पर आयोजित हुआ। पूर्व उप जिला प्रमुख सुंदरलाल भाणावत के मुख्य आतिथ्य एवं पूर्व विधायक नानालाल अहारी की अध्यक्षता में हुए सम्मेलन में आगामी पंचायत राज चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं ने खेरवाड़ा पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाने का संकल्प लिया।
मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता ने बताया कि सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पूर्व उप जिला प्रमुख सुंदरलाल भाणावत ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आगामी पंचायत राज चुनाव में खेरवाड़ा पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। भाणावत ने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में एवं प्रदेश में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी के नेतृत्व में भाजपा द्वारा ऐतिहासिक विकास कार्य कराए जा रहे हैं। भाजपा सरकार ने गांव-गांव में विकास की लहर चलाई है। इसलिए स्थानीय निकाय चुनाव में भी भाजपा को विजय बनाकर ट्रिपल इंजन सरकार बनाकर विकास का मार्ग प्रशस्त करना है।
सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने कहा कि किसान कल्याण और गरीब का उत्थान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। आज केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से प्रदेश का हर वर्ग लाभान्वित हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को अधिक सशक्त बनाने के लिए अनेक कार्यक्रम व योजनाएं संचालित की जा रही हैं। अहारी ने कहा कि प्रदेश के गांव-ढाणी के अंतिम छोर पर बैठे जरूरतमंद व्यक्ति के उत्थान के लिए राज्य व केंद्र सरकार निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने कहा कि विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं को अथक परिश्रम करना होगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन को पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा की वरिष्ठ नेता पारस जैन, पूर्व मंडल अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी, वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता बजरंग लाल अग्रवाल, देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी देवी अहारी, पूर्व उप प्रधान अमृतलाल पटेल कारछा, पूर्व मंडल उपाध्यक्ष पदम लाल पटेल भाणदा तथा शंकर कलाल झुथरी ने भी संबोधित किया।
सम्मेलन का संचालन मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता ने किया तथा आभार पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर ने ज्ञापित किया। आगामी पंचायत राज चुनाव में खेरवाड़ा पंचायत समिति में भाजपा का प्रधान बनाने का संकल्प सम्मेलन का प्रमुख केंद्र रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
