खेरवाड़ा: भाजपा की चुनावी जीत पर मंत्री बाबूलाल खराड़ी की उपस्थिति में मना जश्न
तीन राज्यों के चुनाव परिणामों के बाद खेरवाड़ा में आतिशबाजी और मिठाई वितरण, मंत्री खराड़ी ने कार्यकर्ताओं की मेहनत और मोदी के नेतृत्व को दिया जीत का श्रेय।

खेरवाड़ा (प्रात:काल संवाददाता)। विधानसभा क्षेत्र के खेरवाड़ा भाजपा मंडल में सोमवार को उत्साह और उल्लास का वातावरण रहा, जहाँ पश्चिम बंगाल, असम एवं पांडिचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और एनडीए गठबंधन की शानदार सफलता पर भव्य विजयोत्सव मनाया गया। कस्बे के पुराने बस स्टैंड परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में राज्य के जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान सैकड़ों की संख्या में एकत्रित भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी की और एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर अपनी अटूट खुशी का इजहार किया।
सभा को संबोधित करते हुए मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि तीन राज्यों में भाजपा की यह प्रचंड विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व और इन राज्यों के कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत के साथ-साथ जनता के अटूट आशीर्वाद का प्रतिफल है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वर्तमान में पूरे देश में भाजपा की प्रचंड लहर प्रवाहित हो रही है और आम जनमानस का प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों में गहरा विश्वास है।
इस गौरवशाली अवसर पर पूर्व विधायक नानालाल आहारी, पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, भाजपा के वरिष्ठ नेता पारस जैन, भाजपा देहात जिला मंत्री अमित कलाल, मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, मंडल महामंत्री विक्रांत कोठारी एवं भूपेंद्र कलाल, मंडल उपाध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल व बदामी लाल सुथार, मंडल मंत्री ओमप्रसाद व्यास व प्रेमचंद कलाल, रौनक जैन, महिला मोर्चा जिला मंत्री नैना पंचोली, मंडल कोषाध्यक्ष नरेश अग्रवाल, सामाजिक कार्यकर्ता बजरंग लाल अग्रवाल, विमल कोठारी, जिला कार्य समिति सदस्य भावनेश मीणा, जोगेंद्र सिंह गुरुदत्ता, सन्मुख शीतलानी, प्रवीण कलाल, सुरेश सिंधी, भाण्डा सरपंच भरत गरासिया, पंचायत समिति सदस्य नरेश मोची, नरेश कलाल, संजय त्रिवेदी, मनीष नाई सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने सभी का आभार ज्ञापित किया।

