खेरवाड़ा में भारतीय जनता पार्टी के देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली के प्रवास के दौरान संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावी तैयारियों को लेकर शुक्रवार को विभिन्न मंडलों में महत्वपूर्ण कार्यकर्ता बैठकों का आयोजन किया गया। इन बैठकों में पूर्व विधायक नानालाल अहारी की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। प्रवास कार्यक्रम की शुरुआत खेरवाड़ा डाक बंगले में भाजपा मंडल खेरवाड़ा की बैठक से हुई, जिसके पश्चात थाना स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर परिसर में भाजपा मंडल नयागांव एवं कनबई की संयुक्त बैठक संपन्न हुई।

बैठकों को संबोधित करते हुए देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की वास्तविक शक्ति है। उन्होंने बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ बनाने, जनसंपर्क का विस्तार करने और केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी की रीति-नीति और सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए संगठन को अधिक सशक्त बनाने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने 'संविधान हत्या दिवस' के संदर्भ में कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि 25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा थोपा गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र और संविधान के इतिहास का एक काला अध्याय है।

पूर्व विधायक नानालाल अहारी ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण को पार्टी की सफलता का मूल आधार बताया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने और आगामी चुनावों की तैयारियों में पूरी ताकत के साथ जुटने का आग्रह किया।

इस महत्वपूर्ण आयोजन में पूर्व प्रधान अमृतलाल डामोर, देहात जिला मंत्री अमित कलाल एवं लक्ष्मी अहारी, मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता, नयागांव मंडल अध्यक्ष दुर्गा भगोरा, कनबई मंडल अध्यक्ष नवीन रावल, जिला प्रवक्ता आजाद पटेल, भाजपा नेता पारस जैन, महामंत्री मुकेश गामोठ, भूपेंद्र पटेल, विक्रांत कोठारी, भाजपा जनकल्याण मंच की प्रदेशाध्यक्ष ललिता परमार, महिला मोर्चा जिला मंत्री नयना पंचोली, मंडल कोषाध्यक्ष नरेश अग्रवाल और किसान मोर्चा नेता धूलेश्वर बसोहर सहित बड़ी संख्या में मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष हेमंत मेहता ने किया। बैठक के दौरान विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श करते हुए आगामी गतिविधियों की रूपरेखा भी सुनिश्चित की गई। इस अवसर पर देहात जिला अध्यक्ष तेली के संबोधन के साथ ही कार्यकर्ताओं की उपस्थिति ने चुनावी माहौल में नई ऊर्जा का संचार किया।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story