खेरवाड़ा के भाणदा राजीव गांधी सेवा केंद्र के बाहर जलभराव से बढ़ी परेशानी, ग्रामीणों ने उठाई स्थायी समाधान की मांग
खेरवाड़ा के भाणदा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र के बाहर मामूली बारिश में जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। लोगों ने जल निकासी और सीसी निर्माण की मांग उठाई।

तस्वीर में खेरवाड़ा तहसील के ग्राम पंचायत भाणदा स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र भवन के परिसर और मुख्य मार्ग पर बारिश का पानी भरा हुआ दिख रहा है।
खेरवाड़ा तहसील के ग्राम पंचायत भाणदा मुख्यालय स्थित राजीव गांधी सेवा केंद्र के बाहर थोड़ी सी बारिश होते ही जलभराव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो रही है, जिससे सेवा केंद्र आने वाले ग्रामीणों, कर्मचारियों और आमजन को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत मुख्यालय पर समय-समय पर विभिन्न प्रशासनिक शिविर और जनकल्याणकारी कैंप आयोजित किए जाते हैं, जिनमें विभिन्न विभागों के अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहते हैं। इसके बावजूद सेवा केंद्र के बाहर लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या की ओर न तो अधिकारियों का ध्यान गया और न ही जनप्रतिनिधियों ने इसे गंभीरता से लिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार आयोजित होने वाले कैंप केवल औपचारिकता बनकर रह जाते हैं, जबकि क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं आज भी जस की तस बनी हुई हैं। वर्तमान स्थिति यह है कि थोड़ी सी बारिश होने पर ही सेवा केंद्र के सामने स्थित मार्ग पर पानी भर जाता है, जिससे लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो जाता है। ग्रामीणों ने इस स्थिति को "दीया तले अंधेरा" जैसा बताते हुए नाराजगी जताई है।
ग्रामीणों ने स्थानीय पंचायत प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि राजीव गांधी सेवा केंद्र के बाहर जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए तथा आवश्यक इंटरलॉकिंग अथवा सीसी निर्माण कार्य शीघ्र कराया जाए, ताकि जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान हो सके और आमजन को राहत मिल सके।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
