भाखरा की मुख्य सड़क पर नदी कटाव से मंडराया बड़ा खतरा, एक वर्ष बाद भी नहीं हुई मरम्मत
भाखरा ग्राम पंचायत की मुख्य सड़क नदी कटाव से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त है। एक वर्ष बाद भी मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।

तस्वीर में नदी के कटाव से क्षतिग्रस्त हुई सड़क का किनारा और खिसकी हुई मिट्टी तथा चट्टानें दिख रही हैं।
खेरवाड़ा पंचायत समिति क्षेत्र की भाखरा ग्राम पंचायत में मुख्य सड़क का किनारा नदी के कटाव से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के बावजूद अब तक उसकी मरम्मत नहीं हो सकी है। सड़क के नीचे से मिट्टी खिसकने के कारण बड़ा गड्ढा बन गया है, जिससे बरसात के दौरान सड़क के बहने का खतरा बना हुआ है और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई है।
सामाजिक कार्यकर्ता फतेहसिंह राठौड़ ने 12 मई 2026 को राजस्थान संपर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर सड़क किनारे सुरक्षा दीवार (साइड वॉल) निर्माण और तत्काल मरम्मत की मांग की थी। शिकायत के निस्तारण पर सार्वजनिक निर्माण विभाग खेरवाड़ा ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि सड़क का कार्य एसआर प्रोग्राम में स्वीकृति मिलने के बाद ही कराया जा सकेगा। इसके बावजूद शिकायत का निस्तारण कर उसे बंद कर दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को ग्रामीण सेवा शिविरों में भी उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। यह मार्ग श्मशान घाट, पंचायत भवन सहित आसपास के 4-5 गांवों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है। बरसात के दौरान सड़क के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में आवागमन बाधित हो सकता है। साथ ही एंबुलेंस सेवाओं और अंतिम संस्कार के लिए आने-जाने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों और स्थानीय विधायक से मांग की है कि सड़क को प्राथमिकता के आधार पर एसआर प्रोग्राम में शामिल कर शीघ्र मरम्मत कार्य स्वीकृत कराया जाए। इस संबंध में कर्णवीर सिंह सिसोदिया, लक्ष्मण सिंह राठौड़, जोरावर सिंह पड़ियार, शंभू सिंह राठौड़, मोती सिंह पड़ियार और कमल सिंह सहित ग्रामीणों ने तत्काल कार्रवाई की आवश्यकता जताई। एक वर्ष से क्षतिग्रस्त यह सड़क अब बरसात के बीच क्षेत्र के लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
