बायडी ग्रामीण सेवा शिविर में एक ही स्थान पर मिली सरकारी सेवाएं, विभिन्न योजनाओं का ग्रामीणों ने उठाया लाभ
खेरवाड़ा के ग्राम पंचायत बायडी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर मिला। जानिए किन सेवाओं का हुआ निस्तारण।

खेरवाड़ा तहसील के ग्राम पंचायत बायडी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ ग्रामीणों को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया। शिविर में राजस्व, पंचायती राज, सामाजिक न्याय, चिकित्सा, ऊर्जा एवं अन्य विभागों की सेवाओं का लाभ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्राप्त किया।
शिविर के दौरान नामांतरण, शुद्धिकरण, राजकीय कार्य हेतु भूमि आवंटन, विवाह पंजीयन, जाति एवं मूल निवास प्रमाण पत्र, पेंशन आवेदन एवं स्वीकृति, पालनहार योजना सत्यापन, जन्म प्रमाण पत्र तथा आवासीय पट्टों से संबंधित कार्यों का निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने निर्धारित सेवाओं का मौके पर ही लाभ उपलब्ध कराते हुए ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से आयोजित शिविर में ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई। वहीं पशुपालन विभाग की मंगला पशु बीमा योजना के तहत पशुओं का बीमा किया गया। इसके अलावा पात्र लोगों के विद्युत कनेक्शन स्वीकृत किए गए तथा वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क यात्रा पास भी जारी किए गए।
शिविर में विकास अधिकारी मदन लाल लोहार, तहसीलदार रेवत राम, ग्राम पंचायत प्रशासक सुनील डामोर, ग्राम विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर उनका मौके पर ही समाधान किया तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी प्रदान की। ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से ग्रामीणों को योजनाओं का लाभ सुगमता से प्राप्त हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
