चार साल बाद भी संसाधनों के इंतजार में बावलवाड़ा उपतहसील, स्थायी नायब तहसीलदार और भवन की मांग तेज
खेरवाड़ा की बावलवाड़ा उपतहसील चार वर्ष बाद भी स्थायी भवन, नायब तहसीलदार और मूलभूत सुविधाओं से वंचित है। क्षेत्रवासियों ने जल्द समाधान की मांग उठाई।

तस्वीर में बावलवाड़ा उपतहसील का दो मंजिला पुराना कार्यालय भवन दिखाई दे रहा है, जिसकी सफेद दीवार पर नीले रंग से 'कार्यालय उप तहसील बावलवाड़ा' लिखा हुआ है।
खेरवाड़ा तहसील के अंतर्गत बावलवाड़ा उपतहसील की स्थापना को चार वर्ष पूरे हो चुके हैं, लेकिन अब तक यहां मूलभूत संसाधनों और आवश्यक कार्मिकों की कमी बनी हुई है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि उपतहसील कार्यालय वर्तमान में राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय के भवन में संचालित हो रहा है, जिससे आमजन के साथ-साथ विद्यार्थियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार उपतहसील में स्वीकृत पदों के अनुरूप कार्मिक उपलब्ध नहीं हैं। कुल स्वीकृत पांच पदों के मुकाबले नायब तहसीलदार और यूडीसी के पद लंबे समय से रिक्त हैं। विशेष रूप से स्थायी नायब तहसीलदार की नियुक्ति अब तक नहीं होने से राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित हो रहे हैं। कई मामलों में लोगों को अपने कार्यों के लिए खेरवाड़ा के चक्कर लगाने पड़ते हैं, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों दोनों की हानि हो रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि कार्यालय में कंप्यूटर, इंटरनेट, डिजिटल सेवाओं सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव है। उपतहसील भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटित होने के बावजूद अब तक स्थायी भवन का निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है, जिससे लोगों में निराशा बनी हुई है।
क्षेत्र के नागरिकों ने राज्य सरकार और प्रशासन से मांग की है कि उपतहसील में शीघ्र स्थायी नायब तहसीलदार सहित आवश्यक कार्मिकों की नियुक्ति की जाए। साथ ही डिजिटल एवं आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा स्वीकृत भूमि पर उपतहसील भवन का निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ किया जाए, ताकि क्षेत्र की जनता को सुगम और प्रभावी राजस्व सेवाएं मिल सकें। उनका कहना है कि उपतहसील की स्थापना का उद्देश्य स्थानीय लोगों को उनके निकट प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना था, लेकिन आवश्यक संसाधनों के अभाव में यह उद्देश्य अभी तक पूरी तरह साकार नहीं हो पाया है। उन्होंने जनहित में इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है।
इस संबंध में खेरवाड़ा तहसीलदार रेवत राम ने कहा, "हाल ही में हुए स्थानांतरण में नायब तहसीलदार का पद नहीं भरा गया है, परंतु खेरवाड़ा में नायब तहसीलदार की नियुक्ति की गई है। संभवतया उन्हें वहां पद स्थापित किया जाएगा।" फिलहाल उपतहसील कार्यालय दो कमरों में संचालित हो रहा है और क्षेत्रवासी स्थायी संसाधनों तथा कार्मिकों की उपलब्धता का इंतजार कर रहे हैं।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
