खेरवाड़ा तहसील के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में मारपीट की चार अलग-अलग घटनाओं से जुड़े मामले सामने आए हैं। पुलिस ने चारों घटनाओं में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन मामलों में 72 वर्षीय बुजुर्ग सहित चार लोगों ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

थानाधिकारी राम सिंह चुंडावत के निर्देशन में पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पहला मामला बरौठी भीलान गांव का है। यहां निवासी 72 वर्षीय अर्जुन सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि केसर सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह सहित अन्य 16 लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

दूसरा मामला बावलवाड़ा क्षेत्र के खराड़ी फला का है। यहां निवासी 30 वर्षीय पोपट लाल पुत्र कोदरलाल ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि अभिषेक पुत्र शिवलाल खोखरिया निवासी रेल (बावलवाड़ा) सहित अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की।

तीसरे मामले में भांखरा निवासी वयस्क खेतीहर किसान सवे सिंह पुत्र नवल सिंह ने कल्याण सिंह पुत्र प्रताप सिंह और महेंद्र सिंह पुत्र कल्याण सिंह के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज करवाया है।

वहीं, चौथा मामला भी भांखरा गांव का है। इसमें कल्याण सिंह पुत्र प्रताप सिंह ने सेव सिंह पुत्र नवल सिंह के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज करवाई है। इस तरह भांखरा में मारपीट को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग मामले दर्ज करवाए गए हैं।

पुलिस ने चारों प्रकरणों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू कर दिया है। पहले मामले की जांच हैड कांस्टेबल लक्ष्मण लाल कर रहे हैं, जबकि अन्य तीन मामलों की जांच सहायक उप निरीक्षक प्रभु लाल शर्मा को सौंपी गई है। चारों मामलों में पुलिस अलग-अलग शिकायतों के आधार पर जांच कर रही है।

Next Story