खेरवाड़ा में बरसात के मौसम के दौरान बिजली से जुड़ी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) ने एक विस्तृत जनहित अपील जारी की है। एवीवीएनएल के अधिशाषी अभियंता सुंदर लाल डामोर, सहायक अभियंता एम. डी. मालव और कनिष्ठ अभियंता अनुतोष मीणा ने संयुक्त रूप से नागरिकों को सचेत करते हुए बताया कि मानसून के दौरान छोटी सी लापरवाही भी बड़ी त्रासदी का कारण बन सकती है। अधिकारियों ने आमजन से बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का आग्रह किया है और स्पष्ट किया है कि किसी भी प्रकार की विद्युत खराबी होने पर तत्काल संबंधित फीडर इंचार्ज अथवा निकटतम विद्युत उपकेंद्र को सूचित करें।

विद्युत निगम की ओर से जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों के अनुसार नागरिकों को बिजली के खंभों को छूने, उन पर मवेशी बांधने या खंभों के पास अतिक्रमण करने से पूरी तरह बचना चाहिए। किसी भी स्थिति में बिजली लाइनों के नीचे कार्यक्रम आयोजित नहीं करने और भवन निर्माण या खेतों में जुताई के दौरान विद्युत लाइनों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। बारिश के समय पानी से घिरे खंभों के पास जाना खतरनाक है, साथ ही पेड़ों से गुजर रही बिजली लाइनों वाले पेड़ों पर चढ़ना भी वर्जित है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि ट्रांसफार्मर या लाइनों के पास डंडे या अन्य वस्तुएं न डालें और किसी भी वाहन की छत पर यात्रा न करें।

यदि बारिश के कारण बिजली का तार सड़क पर गिर जाता है, तो उससे दूर रहते हुए तुरंत विभाग को सूचित करना अनिवार्य है। घरेलू सुरक्षा के लिए अच्छी गुणवत्ता वाले उपकरणों के उपयोग, उचित अर्थिंग, और सभी विद्युत परिपथों में उच्च क्षमता वाली एमसीबी तथा ईएलसीबी/आरसीसीबी लगवाने का सुझाव दिया गया है, जिनका समय-समय पर निरीक्षण करना आवश्यक है। एवीवीएनएल अधिकारियों ने साफ किया है कि किसी भी आपात स्थिति में विद्युत कर्मियों से तत्काल संपर्क करें और सुरक्षा नियमों का पालन करें, क्योंकि सावधानी ही सुरक्षा का एकमात्र माध्यम है।

Updated On
Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story