एफआरटी कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने व बीमा की मांग, एवीवीएनएल अधिशाषी अभियंता को सौंपा ज्ञापन
खेरवाड़ा में एफआरटी कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, सुरक्षा उपकरण और बीमा की मांग को लेकर एवीवीएनएल अधिशाषी अभियंता को ज्ञापन सौंपा।

तस्वीर में दिख रहा है कि खेरवाड़ा में एफआरटी कर्मचारी अधिशाषी अभियंता को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंप रहे हैं।
खेरवाड़ा में अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (एवीवीएनएल) के एफआरटी (फॉल्ट रिपेयर टीम) कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि, सुरक्षा सामग्री उपलब्ध कराने और बीमा कराने सहित विभिन्न मांगों को लेकर अधिशाषी अभियंता सुंदर लाल डामोर को बुधवार को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे वर्ष 2022 से नियमित रूप से विद्युत आपूर्ति सुचारु बनाए रखने के लिए कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें अब तक ज्वाइनिंग अथवा नियुक्ति पत्र उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसके चलते उनके भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
कर्मचारियों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें 7000 से 7500 रुपये मासिक वेतन मिल रहा है, जिसे बढ़ाकर 15 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग की गई है। उन्होंने कहा कि पहले उनसे एलटी लाइन का कार्य कराया जाता था, लेकिन अब एचटी 11 केवी लाइन पर भी कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में जोखिम को देखते हुए उचित वेतन और आवश्यक सुविधाएं मिलना जरूरी है।
ज्ञापन में एफआरटी कार्मिकों ने हैंड ग्लव्स, फायर सेफ्टी सामग्री, टेस्टर, अर्थिंग उपकरण सहित अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधन उपलब्ध कराने की मांग रखी। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों का इंश्योरेंस (बीमा) कराने की मांग भी की गई।
कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता है तो वे केवल एलटी लाइन का ही कार्य करेंगे। उन्होंने अधिशाषी अभियंता से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
ज्ञापन प्रस्तुत करने के दौरान मंगलेश्वर खराड़ी, मनोज खराड़ी, राकेश खराड़ी, दीपक अहारी, शंभू सिंह, पंकज डामोर, जयकिशन डामोर, हिमालय डामोर, धूलेश्वर मीणा, परवीन मीणा, शांति लाल, बंशी लाल, रतन मीणा, राहुल डामोर, अनिल परमार सहित खेरवाड़ा, नयागांव एवं ऋषभदेव ब्लॉक के कई एफआरटी कार्मिक उपस्थित रहे।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
