खेरवाड़ा के बावलवाड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हत्या के प्रयास की एक गंभीर वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और अपराध में इस्तेमाल की गई बंदूक भी बरामद कर ली है। बावलवाड़ा थानाधिकारी गणपत सिंह ने बताया कि 6 जून 2026 को घाटा फला, समलाई पानवा निवासी अनिल कुमार दरंगा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 4 जून को वह अपने भाई राजेन्द्र कुमार के साथ एक विवाह समारोह में सम्मिलित होने गए थे। इसी दौरान घाटा फला निवासी आरोपी नाथू लाल ने जान से मारने की नीयत से एकनाल टोपीदार बंदूक से फायर कर राजेन्द्र कुमार के पेट में गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी गणपत सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने सूचना संकलन एवं तकनीकी सहायता के आधार पर तत्परता दिखाते हुए 40 वर्षीय आरोपी नाथू लाल पुत्र लालूराम निवासी घाटा फला, समलाई पानवा को धर दबोचा। सघन पूछताछ के उपरांत आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त एकनाल टोपीदार बंदूक बरामद कर ली गई है। इस सफल कार्रवाई में थानाधिकारी गणपत सिंह, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, कांस्टेबल अंकित चेडवाल और कांस्टेबल चालक दिनेश सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल प्रकरण में पुलिस द्वारा अग्रिम अनुसंधान जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति विश्वास को और अधिक सुदृढ़ किया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story