असारीवाड़ा में 30 नवंबर को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर, मोतियाबिंद का ऑपरेशन और चश्मे भी मिलेंगे मुफ्त
असारीवाड़ा के ग्राम पंचायत भवन में 30 नवंबर को निःशुल्क नेत्र जांच शिविर लगेगा। विशेषज्ञ चिकित्सक आंखों की जांच करेंगे। मोतियाबिंद के मरीजों को उदयपुर में मुफ्त ऑपरेशन के साथ चश्मे, दवाइयां और लेंस भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

खेरवाड़ा। ग्राम पंचायत असारीवाड़ा, नयागांव में सोमवार, 30 नवंबर को विशाल निःशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। अलख नयन मंदिर नेत्र संस्थान, उदयपुर एवं जिला अंधता निवारण समिति, उदयपुर के आर्थिक सहयोग से आयोजित इस शिविर में आंखों की जांच से लेकर मोतियाबिंद के ऑपरेशन तक की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।
शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत भवन असारीवाड़ा में होगा। मरीजों का पंजीकरण सुबह 9:30 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक किया जाएगा। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं प्रशिक्षित सहायकों की ओर से मरीजों की आंखों की जांच और उपचार किया जाएगा।
शिविर में आंखों की जांच के साथ बीपी एवं शुगर की जांच भी निःशुल्क होगी। मोतियाबिंद से पीड़ित मरीजों का चयन कर उन्हें अलख नयन मंदिर, उदयपुर में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क ऑपरेशन के साथ चश्मे, दवाइयां एवं लेंस भी प्रदान किए जाएंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ लेने का आह्वान किया है।
कैंप कोऑर्डिनेटर कविश शर्मा ने बताया कि शिविर के आयोजन में सरपंच चंद्रिका खराड़ी, अर्पण सेवा संस्थान के प्रकाश सिंह एवं मुकेश मीणा का सहयोग रहेगा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
