खेरवाड़ा में बुधवार का दिन दिगंबर जैन समाज के लिए अत्यंत पुण्यदायी रहा, जब परम पूज्य आर्यिका 105 श्री सुनंदामति माताजी का खेरवाड़ा से छाणी की ओर मंगल विहार हुआ। विहार से पूर्व आयोजित धर्मसभा में माताजी ने श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, सदाचार और आत्मकल्याण का संदेश देते हुए जीवन में सत्य, अहिंसा, करुणा, त्याग तथा सद्भावना को अपनाने का आह्वान किया।

धर्मसभा को संबोधित करते हुए आर्यिका 105 श्री सुनंदामति माताजी ने कहा कि आज का मनुष्य भौतिक सुख-सुविधाओं की ओर अधिक आकर्षित हो रहा है, जबकि वास्तविक सुख आत्मा की शुद्धि और धर्म आराधना में निहित है। उन्होंने युवाओं और बच्चों को धार्मिक संस्कारों से जोड़ने पर विशेष बल देते हुए कहा कि संस्कारवान पीढ़ी ही समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करती है।

माताजी ने समाज में एकता, सहयोग और परस्पर सद्भाव बनाए रखने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने श्रद्धालुओं को नियमित स्वाध्याय, पूजा-पाठ और धर्म चिंतन के लिए प्रेरित करते हुए संयमपूर्ण जीवन को आत्मकल्याण का मार्ग बताया।

प्रवचन के उपरांत आर्यिका श्री का मंगल विहार छाणी की ओर हुआ। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहीं और जयघोष के साथ उन्हें भावभीनी विदाई दी। श्रद्धालुओं ने माताजी के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उनके छाणी प्रवास की मंगलकामनाएं व्यक्त कीं।

इस अवसर पर दिगंबर जैन समाज खेरवाड़ा के अध्यक्ष रमेश चंद्र कोठारी, महिला मंडल की संरक्षक शकुंतला कोठारी, खेरवाड़ा सरपंच लक्ष्मी अहारी, पद्मावती कोठारी, ज्योति जैन, युवा परिषद अध्यक्ष विक्रान्त कोठारी, प्रतिभा पंचोली, युवा परिषद महामंत्री वैभव कोठारी, रेणमंजुषा पंचोली, ममता कोठारी सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे। धार्मिक वातावरण के बीच संपन्न हुआ यह मंगल विहार श्रद्धालुओं के लिए आस्था, संयम और धार्मिक संस्कारों का प्रेरक संदेश छोड़ गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story