खेरवाड़ा: तीरंदाजी में दर्शी और दर्शना ने जीता गोल्ड, राज्य स्तर पर चयन
जिला स्तरीय इंडियन राउंड में स्वर्ण पदक जीतने के बाद दोनों छात्राएं हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी।

तस्वीर में दिख रही तीरंदाज छात्राएं दर्शी डामोर और दर्शना सोलविया।
खेरवाड़ा स्थित विकास पब्लिक स्कूल की दो होनहार तीरंदाज छात्राओं दर्शी डामोर और दर्शना सोलविया का राज्य स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। दोनों छात्राओं ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता के इंडियन राउंड में अपने-अपने आयु वर्ग में स्वर्ण पदक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
विद्यालय प्रबंधक हरेश जोशी ने बताया कि गत दिनों आयोजित 14 वर्षीय एवं 17 वर्षीय जिला स्तरीय तीरंदाजी प्रतियोगिता के इंडियन राउंड में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। 14 वर्षीय बालिका वर्ग में दर्शना सोलविया तथा 17 वर्षीय बालिका वर्ग में दर्शी डामोर ने अपने-अपने वर्ग में स्वर्ण पदक प्राप्त किया।
जिला स्तर पर शानदार प्रदर्शन के आधार पर दोनों छात्राओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। 17 वर्षीय बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता हनुमानगढ़ में आयोजित होगी, जिसमें दर्शी डामोर भाग लेंगी। वहीं 14 वर्षीय बालिका वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिता श्रीगंगानगर में होगी, जिसमें दर्शना सोलविया विद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगी।
दोनों छात्राएं राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हो गई हैं। छात्राओं के चयन पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला स्तर पर स्वर्ण पदक से राज्य स्तर तक पहुंची दोनों तीरंदाज छात्राओं का चयन विद्यालय के लिए उपलब्धि के रूप में सामने आया है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
