आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का महाआंदोलन शुरू, 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन हड़ताल का ऐलान
खेरवाड़ा में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन तेज हो गया है। 1 जुलाई से जारी कार्य बहिष्कार के बाद अब 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन महाआंदोलन शुरू करने का ऐलान किया गया है। जानिए पूरी मांगें और संगठन का पक्ष।

खेरवाड़ा में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता।
खेरवाड़ा में राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का आंदोलन लगातार जारी है। लंबित मांगों को लेकर 1 जुलाई से चल रहे कार्य बहिष्कार के बाद भी मांगों पर निर्णय नहीं होने से संगठन ने 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन महाआंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है।
शाखा खेरवाड़ा अध्यक्ष दुर्गा मीणा एवं सचिव मीनाक्षी ननोमा के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रही हैं। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी (एसडीएम) एवं सीडीपीओ को ज्ञापन सौंपकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं से अवगत कराया गया था, लेकिन इसके बावजूद अब तक मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इससे कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त है।
संगठन ने बताया कि यदि सरकार द्वारा शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 8 जुलाई से अनिश्चितकालीन महाआंदोलन निरंतर जारी रहेगा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र में आंगनबाड़ी कर्मचारियों के हित में किए गए वादों को अब तक पूरा नहीं किया है।
आंदोलन कर रही कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में पेंशन योजना लागू करना, ग्रेच्युटी एवं नियमितीकरण, मानदेय में बढ़ोतरी तथा पोषाहार, मोबाइल रिचार्ज सहित अन्य लंबित भुगतानों का शीघ्र भुगतान शामिल है। संगठन ने आरोप लगाया कि पिछले कई महीनों से मानदेय एवं अन्य मदों का भुगतान समय पर नहीं होने के कारण कार्यकर्ताओं को आर्थिक एवं मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राजस्थान आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सभी लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेकर राहत प्रदान करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि मांगों का समाधान नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
