खेरवाड़ा में श्रावण मास के पावन अवसर पर स्थानीय विद्या निकेतन विद्यालय में भव्य कांवड़ यात्रा का आयोजन किया गया। कक्षा अरुण से दसवीं तक के भैया-बहनों ने उत्साह और श्रद्धा के साथ कांवड़ यात्रा में भाग लिया। ‘जय भोलेनाथ’ और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से खेरवाड़ा का वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाचार्य रमा पानेरी के संयोजन में कांवड़ यात्रा का शुभारंभ विद्यालय परिसर में विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती के साथ हुआ। भगवा वेशभूषा में सजे नन्हे कांवड़ियों ने कंधों पर पवित्र कांवड़ उठाई और जयघोष करते हुए यात्रा प्रारंभ की।

कांवड़ यात्रा खेरवाड़ा के प्रमुख मार्गों और बाजार से होकर गुजरी। यात्रा में भगवान शिव की आकर्षक सजीव झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। अनुशासन और श्रद्धा के साथ आगे बढ़ते नन्हे कांवड़ियों को देखने के लिए मार्ग के दोनों ओर नगरवासियों की भीड़ उमड़ी। विभिन्न स्थानों पर नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर बच्चों का स्वागत किया।

संकुल प्रभारी प्रधानाचार्य नवनीत श्रीमाली ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं एवं संस्कारों से परिचित कराना है। विद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, अनुशासन एवं संस्कारों के विकास पर विशेष जोर दिया जाता है।

यात्रा के समापन पर विद्यालय की प्रथम सहायक निशा व्यास के नेतृत्व में स्थानीय शिवालय में नन्हे कांवड़ियों ने पवित्र जल से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। पूरी यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं अनुशासन व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए विद्यालय के सभी आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे। इस आयोजन ने विद्यार्थियों को धार्मिक परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य को प्रभावी रूप से सामने रखा।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story