उदयपुर। जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए तलवार के बल पर ससुर और दामाद को लूट लिया। खेरवाड़ा पुलिस ने इस वारदात का पर्दाफाश करते हुए एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दो बाल अपचारियों को डिटेन कर लिया गया है। पुलिस ने लूटी गई पूरी नगदी और मोबाइल बरामद कर वारदात में प्रयुक्त बाइक को भी जब्त कर लिया है।

घटनाक्रम के अनुसार, 18 मई की रात लोकेश पुत्र केशवलाल अहारी, निवासी बलुवा सराडा, अपने ससुर हरिश पुत्र बदाजी मीणा के साथ खेरवाड़ा चिकित्सालय से घर लौट रहे थे। लोकेश अपनी पत्नी के साथ ससुराल सन्नाटी बलेवडी आए हुए थे और साले की पत्नी की डिलेवरी के चलते वे खेरवाड़ा सीएचसी में भर्ती थे। रात करीब 12.15 बजे जब दोनों बाइक से घर के लिए निकले, तो 12.30 बजे करनाउवा स्कूल के पास बलेवडी रोड पर पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को आगे लगाकर जबरन रोक लिया।

तीनों बदमाशों ने तलवार दिखाकर लोकेश और उनके ससुर को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने लोकेश की जेब से 10 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल लूट लिया। इसके बाद उन्होंने बाइक के पीछे बैठे ससुर हरिश को धमकाकर उनसे 5 हजार रुपये और मोबाइल छीन लिया। जाते समय बदमाशों ने किसी को भी घटना की जानकारी देने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी करनाराम जाट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। तकनीकी साक्ष्यों और गहन पड़ताल के बाद पुलिस ने बंजारिया फलां उपला खेरवाड़ा निवासी आशीष पुत्र रामचन्द्र उर्फ चन्दुलाल को गिरफ्तार किया। साथ ही, घटना में शामिल दो बाल अपचारियों को डिटेन किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए दोनों मोबाइल और 15 हजार रुपये की पूरी राशि बरामद कर ली है। वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था का संदेश देते हुए अपराधियों में पुलिस का खौफ पैदा किया है।

Pratahkal HQ

Pratahkal HQ

Next Story