पालतू कुत्ते की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, खेरवाड़ा के पाडलिया गांव में घर में घुसे विशाल अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू
खेरवाड़ा के पाडलिया गांव में रात 2 बजे घर में घुसे विशाल अजगर को पालतू कुत्ते की सतर्कता से समय रहते देखा गया। ग्रामीणों ने सुरक्षित रेस्क्यू कर जंगल में छोड़ा।

तस्वीर में खेरवाड़ा के ग्रामीण घर के एक कोने में हरे रंग के कट्टे के पास कुंडल मारकर बैठा हुआ विशाल अजगर दिखाई दे रहा है।
खेरवाड़ा के ग्राम पंचायत बावलवाड़ा के पाडलिया गांव में गुरुवार तड़के करीब 2 बजे एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब रुपलाल असारी के घर के आंगन में एक विशाल अजगर घुस आया। उस समय परिवार के सभी सदस्य गहरी नींद में सो रहे थे।
इसी दौरान घर के पालतू कुत्ते ने अजगर को एक कोने में घेर लिया और लगातार भौंककर परिवार के लोगों को सतर्क कर दिया। कुत्ते की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य जाग गए, जिससे संभावित अनहोनी टल गई।
घटना की सूचना मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सभी के सहयोग से अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। इसके बाद उसे खुणादरी के जंगल में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
रेस्क्यू अभियान में रुपलाल असारी, आशीष, रवि, ईश्वर सहित कई ग्रामीणों और महिलाओं ने सक्रिय सहयोग किया। ग्रामीणों ने पालतू कुत्ते की सतर्कता की सराहना करते हुए कहा कि उसकी वजह से परिवार एक बड़े हादसे से सुरक्षित बच गया। यह घटना समय रहते सतर्कता और सामूहिक प्रयास से संभावित खतरे को टालने का उदाहरण बनी।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
