खेरवाड़ा के कटेवड़ी गांव में समस्त ग्राम की महिलाओं द्वारा माताजी मंदिर पर दूसरी बार स्थापित की गई दशां मां की मूर्ति का शनिवार को गोदावरी धाम पर विधि-विधान और भक्तिमय माहौल के बीच धूमधाम से विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा में महिलाओं, बच्चों और जय अंबे नवयुवक मंडल के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

मंदिर पुजारी जसुदेवी पानेरी ने बताया कि शुक्रवार रात माताजी के चौक में मध्यरात्रि तक भव्य भजन संध्या एवं गरबारास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें ग्रामवासियों के साथ छोटे-छोटे बच्चों ने भी नाचते-गाते हुए भजन-कीर्तन एवं गरबारास का आनंद लिया। रात्रि 12 बजे दशां मां की मूर्ति को भोग लगाकर आरती की गई।

शनिवार सुबह शुभ मुहूर्त में ग्रामवासियों की उपस्थिति में दशां मां की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके बाद आकर्षक ढंग से सजाए गए ट्रैक्टर में मूर्ति को विराजमान कर विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा में गांव की महिलाओं ने लाल चुनरी धारण कर भाग लिया। माताजी के चौक में महिलाओं ने गरबे खेले। इसके बाद डीजे की धुन पर महिलाएं, बच्चे एवं जय अंबे नवयुवक मंडल के सदस्य नाचते-गाते और गरबे खेलते हुए गोदावरी धाम पहुंचे। मार्ग में माताजी के जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।

गोदावरी धाम पहुंचने पर दशां मां की मूर्ति की पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। इसके पश्चात मंडल के सदस्यों, महिलाओं एवं बालक-बालिकाओं द्वारा मूर्ति का विसर्जन किया गया। विसर्जन के बाद सभी श्रद्धालु पुनः माताजी मंदिर पहुंचे, जहां प्रसादी का वितरण किया गया।

दशां मां के दस दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग देने पर महिला मंडल द्वारा हीरालाल कलाल का शब्द-सुमनों से सम्मान किया गया। वहीं कार्यक्रम में विशेष सहयोग के लिए पुजारी जसुदेवी पानेरी का भी महिला मंडल द्वारा सम्मान किया गया।

कार्यक्रम में समाजसेवी देवीलाल पटेल, मांगीलाल, हीरालाल, लालुराम, सुखलाल सहित जय अंबे नवयुवक मंडल के राहुल, भावेश, मुकेश एवं अन्य सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

विसर्जन यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने दशां मां के दस दिवसीय धार्मिक आयोजन के समापन को श्रद्धा और उल्लास से भर दिया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story