चैरिटेबल ट्रस्ट ने प्राथमिक विद्यालय में जरूरतमंद छात्राओं को वितरित की स्टेशनरी
खेरवाड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैरवी में ट्रस्ट ने कक्षा 1 से 5 तक के विद्यार्थियों को निशुल्क स्टेशनरी वितरित की।

खेरवाड़ा में स्वर्गीय शांता देवी देवी जैन चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से राजकीय प्राथमिक विद्यालय भैरवी, बरौठी ब्राह्मण पंचायत क्षेत्र में अध्ययनरत कक्षा 1 से 5 तक के बालक-बालिकाओं को निशुल्क लेखन सामग्री वितरित की गई। कार्यक्रम विद्यालय परिसर में ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश जैन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ।
ट्रस्ट की ओर से बालिकाओं को रजिस्टर, नोटबुक, पेंसिल, रबर, शार्पनर सहित अन्य आवश्यक स्टेशनरी सामग्री प्रदान की गई। स्टेशनरी प्राप्त करने के बाद ग्रामीण क्षेत्र की बालिकाओं के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
ट्रस्ट के उपाध्यक्ष प्रतीक जैन ने बताया कि ट्रस्ट शिक्षा, स्वास्थ्य एवं समाज सेवा से जुड़े कार्यों में निरंतर सक्रिय है। ट्रस्ट महामंत्री हेमचंद लबाना ने बताया कि ट्रस्ट पिछले 13 वर्षों से विभिन्न सामाजिक सरोकारों के तहत सेवा कार्य करता आ रहा है। जरूरतमंद विद्यार्थियों को शिक्षा से जोड़ने के उद्देश्य से ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर सहयोग उपलब्ध कराया जाता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने ट्रस्ट के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का स्वागत करते हुए गरीब एवं जरूरतमंद छात्राओं को स्टेशनरी उपलब्ध कराने के लिए ट्रस्ट का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से छात्राओं को पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहन मिलता है।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक अमृत लाल गरासिया, महेंद्र प्रजापत, एसडीएमसी अध्यक्ष, बदामी लाल सुथार, मनोज कोठारी, दिलीप जैन, भूपेंद्र कलाल, राजेश मेनारिया सहित स्टॉफ मेंबर एवं अभिभावक उपस्थित रहे। अंत में ट्रस्ट की ओर से विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया गया।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
