खेरवाड़ा: रुद्राणी महाकालिका शक्तिपीठ में महानवमी पर भव्य यज्ञ, उमड़े श्रद्धालु
पीठाधीश्वर महंत भारत भूषण महाराज के सानिध्य में आयोजित महानवमी यज्ञ और पूर्णाहुति के बाद कन्या-बटुक भोज और महाआरती संपन्न हुई।

खेरवाड़ा के रुद्राणी महाकालिका शक्तिपीठ में महानवमी पर यज्ञ का आयोजन।
खेरवाड़ा स्थित श्री रुद्राणी महाकालिका शक्तिपीठ (किले वाली माता मंदिर) में शारदीय नवरात्रि की महानवमी पर भव्य यज्ञ का आयोजन हुआ। पीठाधीश्वर महंत भारत भूषण महाराज के सानिध्य में आयोजित यज्ञ में दूर-दराज से हजारों श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने माता के दर्शन कर यज्ञ में आहुतियां अर्पित कीं और सुख-समृद्धि की कामना की।
महानवमी पर मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने स्थानीय भाषा में माता की महिमा का गुणगान करते हुए स्तवन किया। यज्ञ के दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ आहुतियां प्रदान कीं। दोपहर में पूर्णाहुति संपन्न हुई, जिसके बाद कन्याओं एवं बटुकों को प्रसाद ग्रहण करवाया गया।
इस अवसर पर जगतजननी मां दुर्गा का मां सिद्धिदात्री के स्वरूप में विशेष शृंगार किया गया। रात्रि 8 बजे मंदिर में महाआरती हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर माता के दर्शन किए और पूजा-अर्चना की।
यज्ञ के मुख्य यजमान अंकिता-विवेक पंचाल, सागवाड़ा परिवार रहे। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भागीदारी के साथ उत्साह, श्रद्धा और भक्ति का माहौल बना रहा। महानवमी पर आयोजित यज्ञ, पूर्णाहुति, कन्या-बटुक प्रसाद वितरण और महाआरती के साथ किले वाली माता मंदिर में धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
