झाड़ोल सर्कल में स्टंटबाजों पर पुलिस का बड़ा शिकंजा, संयुक्त अभियान में 50 पावर बाइक जब्त
झाड़ोल सर्कल पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर सड़क पर स्टंट करने वाले बाइक चालकों पर बड़ी कार्रवाई की। 50 पावर बाइक जब्त कर एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

तस्वीर में खेरवाड़ा क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान जब्त की गई पावर बाइक्स और खड़ी हुई पुलिस टीम नजर आ रही है।
खेरवाड़ा में आम राहगीरों की जान जोखिम में डालकर सड़क पर स्टंट करने वाले बाइक चालकों के खिलाफ झाड़ोल सर्कल पुलिस ने बड़ा अभियान चलाते हुए सख्त कार्रवाई की है। जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा रजत बिश्नोई एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेकसिंह के सुपरविजन में झाड़ोल वृत्त के पुलिस थाना झाड़ोल, फलासिया, ओगणा एवं बाघपुरा पुलिस ने संयुक्त अभियान संचालित किया।
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्टंट कर रहे बाइक चालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 50 पावर बाइक जब्त की गई। सभी चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम (एमवी एक्ट) के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक मार्गों पर स्टंट कर आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार का अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस थाना झाड़ोल के थानाधिकारी करनाराम, थाना फलासिया के थानाधिकारी वेलाराम, थाना ओगणा के थानाधिकारी रामरुम मीणा तथा थाना बाघपुरा के थानाधिकारी गोपाल सिंह मीणा सहित पुलिस टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें तथा सार्वजनिक मार्गों पर स्टंट जैसी खतरनाक गतिविधियों से बचें, ताकि सभी की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। कार्रवाई के दौरान जब्त की गई पावर बाइक एवं पुलिस टीम का फोटो भी जारी किया गया है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
