हरिओम कॉलोनी में सात दिन से पाइप लाइन लीकेज, रोज बह रहा सैकड़ों लीटर पानी
खेरवाड़ा की हरिओम कॉलोनी में सात दिन से पाइप लाइन लीकेज के कारण सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। खेरवाड़ा विकास मंच ने जलदाय विभाग से तत्काल मरम्मत की मांग की है।

तस्वीर में खेरवाड़ा की कॉलोनी की सड़क पर पाइपलाइन लीकेज के कारण फैला हुआ पानी और एक सफेद कार दिखाई दे रही है.
खेरवाड़ा की हरिओम कॉलोनी में पिछले सात दिनों से पाइप लाइन में लीकेज के कारण प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पानी व्यर्थ बह रहा है। लंबे समय से लीकेज होने के बावजूद जलदाय विभाग की ओर से इसकी मरम्मत नहीं किए जाने से क्षेत्रवासियों में रोष है।
खेरवाड़ा विकास मंच के संयोजक नरेंद्र पंचोली एवं वरिष्ठ सदस्यों ने जलदाय विभाग से तत्काल आवश्यक कदम उठाकर पाइप लाइन का लीकेज बंद करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान भी जलस्रोतों में अपेक्षित पानी नहीं भर पाया है। कस्बे की पेयजल आपूर्ति की लाइफ लाइन माने जाने वाला गोदावरी बांध भी आधे से अधिक खाली हो चुका है।
मंच के सदस्यों ने कहा कि आगामी गर्मियों में पेयजल संकट की स्थिति और गंभीर होने की संभावना है। ऐसे में पाइप लाइन लीकेज के कारण सैकड़ों लीटर पानी का लगातार व्यर्थ बहना चिंता का विषय है। जल संरक्षण के लिए लोगों को जागरूक किया जा रहा है, वहीं सार्वजनिक पेयजल लाइन में इस तरह पानी की बर्बादी को रोकना जलदाय विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने विभाग से मांग की कि हरिओम कॉलोनी में पाइप लाइन लीकेज की तत्काल मरम्मत करवाकर पानी की बर्बादी रोकी जाए, ताकि भविष्य में संभावित पेयजल संकट के मद्देनजर जल की एक-एक बूंद का संरक्षण हो सके।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
