खेरवाड़ा क्षेत्र में पटेल पाटीदार डांगी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे विभिन्न पेंपलेट ने राजनीतिक भागीदारी के मुद्दे को चर्चा में ला दिया है। इन पेंपलेट में समाज की राजनीतिक स्थिति, आगामी स्थानीय निकाय एवं पंचायत चुनावों में प्रतिनिधित्व और दोनों प्रमुख राष्ट्रीय राजनीतिक दलों के प्रति असंतोष जैसे मुद्दे उठाए गए हैं।

वायरल पेंपलेट में दावा किया गया है कि खेरवाड़ा क्षेत्र के करीब 42 गांवों में समाज की बड़ी आबादी और मतदाता संख्या होने के बावजूद राजनीतिक स्तर पर अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा है। इसमें यह सवाल भी उठाया गया है कि समाज को चुनाव के दौरान केवल वोट बैंक के रूप में तो नहीं देखा जा रहा है।

पेंपलेट में राजनीतिक प्रतिनिधित्व, शिक्षा, रोजगार एवं सम्मान सहित समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की बात कही गई है। साथ ही समाज के लोगों से एकजुट होकर भविष्य की राजनीतिक दिशा पर विचार करने और अपने प्रतिनिधित्व को लेकर निर्णय लेने का आह्वान किया गया है।

सोशल मीडिया पर वायरल इन पेंपलेट में दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों के प्रतीकों का उल्लेख करते हुए विरोध का संदेश भी दिया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि ये पेंपलेट किस व्यक्ति, संगठन या समूह की ओर से जारी किए गए हैं। इनके सोशल मीडिया पर प्रसार के बाद समाज के विभिन्न लोगों के बीच इन मुद्दों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।

वायरल सामग्री में 42 गांव, करीब 70 हजार आबादी और 50 हजार से अधिक मतदाताओं का उल्लेख करते हुए समाज की राजनीतिक ताकत और प्रतिनिधित्व के सवाल को प्रमुखता से उठाया गया है। साथ ही समाज के हित में स्वतंत्र राजनीतिक नेतृत्व एवं प्रतिनिधित्व को लेकर भी विचार व्यक्त किए गए हैं।

क्षेत्र में स्थानीय चुनावों की तैयारियों के बीच सोशल मीडिया पर सामने आए इन संदेशों को समाज की बदलती राजनीतिक सोच के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। अब आने वाले दिनों में समाज की ओर से इस मुद्दे पर कोई औपचारिक बैठक, निर्णय या राजनीतिक घोषणा होती है या नहीं, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)

दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।

उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।

वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।

Next Story