श्रावण के प्रथम सोमवार पंचमुखी महादेव का 511 बिलपत्र और 21 धतूरों से हुआ विशेष श्रृंगार
खेरवाड़ा में श्रावण के प्रथम सोमवार पंचमुखी महादेव का 511 बिलपत्र और 21 धतूरों से विशेष श्रृंगार, श्रद्धालुओं ने की पूजा-अर्चना।

तस्वीर में खेरवाड़ा के रामदेव मंदिर परिसर में सर्व समाज की महिलाएं श्रावण मास के पहले सोमवार पर पंचमुखी महादेव का जलाभिषेक और विशेष श्रृंगार करती नजर आ रही हैं।
खेरवाड़ा में श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर नगर स्थित बाबा रामदेव मंदिर परिसर में विराजमान पंचमुखी महादेव का 511 बिलपत्र, 21 धतूरों, गुलाब के फूलों एवं विभिन्न पुष्प-पत्रों से विशेष श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी और भगवान शिव के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
मंदिर के पुजारी हसमुख पानेरी ने बताया कि शुभ मुहूर्त में वाल्मीकि, भोई, मोची, ब्राह्मण, कलाल, दर्जी, मेघवाल एवं मोंगिया सहित सर्व समाज की महिलाओं ने पंचमुखी महादेव का विशेष श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान क्षेत्र में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हुए इंद्रदेव से प्रार्थना की गई।
श्रद्धालुओं ने शिवलिंग पर जल, बिलपत्र और पुष्प अर्पित कर रुद्राभिषेक, जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक एवं पुष्पाभिषेक किया। महिलाओं ने शिव भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर मंदिर परिसर को भक्ति भाव से भर दिया।
पुजारी हसमुख पानेरी ने बताया कि श्रावण मास के दौरान प्रतिदिन पंचमुखी महादेव का विविध एवं अलौकिक श्रृंगार किया जाएगा। साथ ही विशेष पूजा-अर्चना का क्रम निरंतर जारी रहेगा। श्रद्धालुओं से श्रावण मास में अधिक से अधिक संख्या में मंदिर पहुंचकर दर्शन एवं पूजा-अर्चना में भाग लेने की अपील की गई।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
