खेरवाड़ा में कांग्रेस की बैठक, विधायक परमार बोले- भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियां बूथ स्तर तक पहुंचाएं
खेरवाड़ा में कांग्रेस नेताओं और संभावित प्रत्याशियों की बैठक में आगामी पंचायत चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई।

खेरवाड़ा ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में विधायक डॉ. दयाराम परमार, संभावित प्रत्याशी और पार्टी पदाधिकारी मौजूद हैं।
खेरवाड़ा, 14 अक्टूबर। विधायक डॉ. दयाराम परमार ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं और संभावित प्रत्याशियों से केंद्र एवं राज्य की भाजपा सरकारों की जनविरोधी नीतियों की जानकारी बूथ स्तर के मतदाताओं तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं को सरकार की नीतियों और योजनाओं के प्रभाव से अवगत कराएं तथा आगामी पंचायत चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पक्ष में मतदान के लिए लोगों से आग्रह करें।
डॉ. परमार मंगलवार को पंचायत समिति खेरवाड़ा एवं पंचायत समिति नयागांव के कांग्रेस पार्टी के संभावित प्रत्याशियों और ब्लॉक कांग्रेस के पदाधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी खेरवाड़ा की ओर से यह बैठक ब्लॉक कांग्रेस कार्यालय खेरवाड़ा में आयोजित की गई।
बैठक में डॉ. परमार ने केंद्र और राज्य की भारतीय जनता पार्टी सरकारों की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनकी नीतियां और योजनाएं बड़े-बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई गई हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से इन नीतियों की जानकारी घर-घर जाकर मतदाताओं तक पहुंचाने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बड़े उद्योगों को लाभ पहुंचाने के लिए आवश्यक वस्तुओं के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे महंगाई और बेरोजगारी में वृद्धि हुई है।
विधायक परमार ने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने विधानसभा क्षेत्र खेरवाड़ा में विकास के कार्य नहीं कराए हैं और रोजगार योजना भी बंद कर दी है। उन्होंने आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों, बूथ अध्यक्षों, कार्यकर्ताओं और कांग्रेस के अग्रिम संगठनों के अध्यक्षों को अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष से लेकर सरपंच, पंचायत समिति सदस्य और जिला परिषद सदस्य के संभावित कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान कराने के लिए मतदाताओं से आग्रह किया जाए।
बैठक के दौरान डॉ. परमार ने पंचायत समिति सदस्य के संभावित प्रत्याशियों से सीधे संवाद किया और उनके आवेदन भी प्राप्त किए। बैठक में पंचायत समिति खेरवाड़ा एवं पंचायत समिति नयागांव के संभावित प्रत्याशियों के साथ ब्लॉक और जिला स्तर के कांग्रेस पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में देहात जिला कांग्रेस उदयपुर के उपाध्यक्ष कान्ति लाल पटेल, संगठन महासचिव गजेन्द्र कोठारी, महासचिव पन्नालाल परमार, देहात जिला कांग्रेस महिला की उपाध्यक्ष पुष्पा मीणा, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दिनेश मीणा, उपाध्यक्ष फैज मोहम्मद मकरानी, लक्ष्मण भगोरा, अब्दुल रज्जाक मकरानी, संगठन महासचिव प्रदीप भणात, मोहन लाल औदिच्य, नफीसा बानो, रतन लिम्बात, अमृत लाल सालवी, पूर्व प्रधान सुन्दर लाल अहारी, नवाघर मंडल अध्यक्ष वीरेन्द्र सिंह गरासिया, नयागांव मंडल अध्यक्ष बसन्त कुमार सोलविया, अजय डामोर, प्रशासक हेमन्त डामोर, सुनील डामोर, पूर्व जिला परिषद सदस्य मुन्नी देवी मेघवाल, लक्ष्मण पचोला, लालू राम खराडी, बदामी लाल मीणा और मगनलाल गरासिया उपस्थित थे।

Dharnendra Jain( Kherwara)
नाम: धरणेन्द्र जैन
वर्तमान पद: सीनियर रिपोर्टर (प्रातः काल दैनिक, खेरवाड़ा विधानसभा)
कार्यक्षेत्र: खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र (खेरवाड़ा, ऋषभदेव, और नयागांव उपखंड क्षेत्र, जिला उदयपुर, राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों की खबरें
अनुभव: 30 वर्ष से अधिक
परिचय
धरणेन्द्र जैन उदयपुर जिले के खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के एक अत्यंत अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'प्रातः काल दैनिक' में सीनियर रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वह मुख्य रूप से खेरवाड़ा, ऋषभदेव और नयागांव उपखंड क्षेत्र को कवर करते हैं। धरणेन्द्र जैन राजनीति, क्राइम, स्थानीय प्रशासन सहित क्षेत्र के सभी प्रमुख विषयों पर नियमित रूप से समाचार लिखते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
धरणेन्द्र जैन को पत्रकारिता के क्षेत्र में तीन दशकों (30 वर्ष) से अधिक का व्यापक और लंबा अनुभव है:
- वह साल 1995 से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं।
- उन्होंने वर्ष 1998 से 2018 तक लगातार 20 वर्षों तक 'दैनिक भास्कर' में खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सीनियर रिपोर्टिंग की है।
- वर्ष 2018 से वह लगातार 'प्रातः काल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र की कमान संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने वाणिज्य स्नातक (B.Com) की डिग्री हासिल की है।
