ऑनलाइन गेमिंग ऐप PG Bet पर 1.27 लाख रुपये गंवाने का मामला, खेरवाड़ा थाने में ठगी की रिपोर्ट दर्ज
खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के झूंथरी निवासी श्रीकांत पटेल ने PG Bet मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन एविएटर गेम के जरिए 1,27,997 रुपये की कथित ठगी का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और ऑनलाइन गेमिंग व साइबर ठगी से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।

खेरवाड़ा। थाना खेरवाड़ा क्षेत्र के झूंथरी निवासी एक व्यक्ति के साथ ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से 1,27,997 रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार झूंथरी निवासी श्रीकांत पटेल (39) पुत्र कुरी लाल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसने पीजी-बेट (PG Bet) मोबाइल ऐप पर ऑनलाइन एविएटर गेम खेला था। गेम खेलने के दौरान उसने अलग-अलग दिनों में अपने बैंक खाते से कई छोटे-छोटे ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 1,27,997 रुपये ऐप में जमा किए। इसके बाद वह पूरी राशि हार गया।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया है कि मोबाइल ऐप संचालक ने अधिक लाभ का लालच देकर उससे बार-बार पैसे जमा करवाए और धोखाधड़ी करते हुए उसकी राशि हड़प ली। थानाधिकारी मनमंथ आढ़ा के निर्देशन में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मामले की जांच उप निरीक्षक (एसआई) वालचंद को सौंपी है, जो पूरे प्रकरण की जांच कर रहे हैं। साथ ही पुलिस ऑनलाइन गेमिंग और साइबर ठगी से जुड़े सभी पहलुओं की भी जांच में जुटी हुई है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
