खेरवाड़ा: पाटिया पुलिस ने दो वांछित आरोपियों को किया गिरफ्तार
पाटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने विशेष अभियान के तहत गदूनिया और नालफला निवासी दो लोगों को गिरफ्तार कर शांति भंग के मामले में कानूनी कार्रवाई की।

खेरवाड़ा। उपखंड नयागांव के पाटिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में वांछित अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है।
थानाधिकारी देवी लाल मीणा के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर यह प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस टीम ने सर्वप्रथम गदूनिया निवासी 50 वर्षीय रतनराम डामोर को शांति भंग करने के आरोप में हिरासत में लिया। इसी क्रम में कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने नालफला निवासी 25 वर्षीय राजू उर्फ राजकुमार को भी गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए दोनों आरोपियों के विरुद्ध पाटिया थाना पुलिस ने नियमानुसार अग्रिम वैधानिक कार्यवाही अमल में लाई। गिरफ्तारी के पश्चात सभी कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए, आरोपियों को जमानत मुचलकों पर पाबंद कर रिहा कर दिया गया। स्थानीय पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और स्थायी वारंटियों तथा वांछित अपराधियों पर नकेल कसने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। पुलिस की इस सतर्कता से स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
