खेरवाड़ा में पुरानी रंजिश का खूनी खेल: सात लोगों ने घर में घुसकर की तोड़फोड़ और मारपीट
खेरवाड़ा के काकरा डूंगरा में महिला के घर पर सात लोगों द्वारा धारदार हथियारों से हमले और तोड़फोड़ का मामला दर्ज। पुलिस ने क्या कार्रवाई की? जानें पूरी खबर।

खेरवाड़ा उपखंड के नयागांव स्थित थाना पाटिया क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक महिला के घर पर जानलेवा हमले और तोड़फोड़ का गंभीर मामला सामने आया है। घटना के बाद से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। पुलिस ने प्रार्थिया रेखा देवी पत्नी लक्ष्मणलाल, निवासी काकरा डूंगरा, तहसील नयागांव की रिपोर्ट पर सात नामजद आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 1 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:30 बजे की है। पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि आरोपी पुरानी रंजिश के कारण षड्यंत्रपूर्वक एक राय होकर उसके मकान पर पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने गैंती और फावड़े जैसे घातक हथियारों का उपयोग करते हुए मकान में जमकर तोड़फोड़ की, जिससे भारी नुकसान हुआ। साथ ही, आरोपियों ने प्रार्थिया के साथ गाली-गलौज कर मारपीट भी की।
थानाधिकारी देवी लाल मीणा के निर्देशन में पाटिया पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कावा पुत्र धुला, अर्जुन पुत्र कावा, हितेश पुत्र प्रकाश, भूपेन्द्र पुत्र अर्जुन, शीला पत्नी प्रकाश, रेखा पत्नी अर्जुन और शीला पत्नी हितेश, सभी निवासी काकराडूंगरा के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की गहन जांच सहायक उप निरीक्षक प्रभुलाल द्वारा की जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर ही आरोपियों के खिलाफ आगामी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Dinesh Kumar Jain, Kherwara(Udaipur)
दिनेश कुमार जैन पत्रकारिता जगत का एक अनुभवी और विश्वसनीय नाम हैं। उन्होंने पिछले लगभग 8 वर्षों से प्रिंट मीडिया के क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनहित से जुड़े मुद्दों, प्रशासनिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास, सामाजिक सरोकारों तथा स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
उन्होंने जनवरी 2020 से प्रतिष्ठित समाचार पत्र दैनिक नवज्योति में संवाददाता, खेरवाड़ा एवं नयागांव ब्लॉक (जिला उदयपुर) के रूप में कार्य करते हुए तहसील एवं ब्लॉक स्तर की खबरों को प्रभावी ढंग से पाठकों तक पहुंचाया। इससे पूर्व वे लगभग दो वर्षों तक राजस्थान पत्रिका से भी जुड़े रहे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
खेरवाड़ा, नयागांव तथा आसपास के ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं, विकास कार्यों, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं सामाजिक मुद्दों पर उनकी विशेष पकड़ रही है। निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहित आधारित पत्रकारिता उनकी पहचान है।
वर्तमान में प्रातःकाल के साथ जुड़कर वे अपने व्यापक अनुभव और क्षेत्रीय समझ के माध्यम से पाठकों तक सटीक, विश्वसनीय और प्रभावशाली समाचार पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं। उनकी पत्रकारिता का उद्देश्य समाज की आवाज को सशक्त मंच प्रदान करना तथा जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाना है।
